रांची. झारखंड सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के सेवा संबंधी विवरणों में संशोधन प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया है. वित्त विभाग ने झारखंड इंटीग्रेटेड फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम (जेआइएफएमएस) पोर्टल पर कर्मचारी प्रोफाइल अपडेशन के लिए नयी व्यवस्था लागू की है. इससे नाम, जन्म तिथि, पदस्थापन, वेतन और बैंक खाते समेत विभिन्न सेवा संबंधी विवरणों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत डिजिटल माध्यम से संशोधन किया जा सकेगा.
वित्त विभाग के अपर सचिव कर्ण सत्यार्थी के हस्ताक्षर से जारी आदेश में कर्मचारी मास्टर डेटाबेस को सुरक्षित करने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तय की गयी है. वेतन विपत्र के प्रसंस्करण में इस्तेमाल होने वाले इस डेटाबेस में दर्ज सूचनाओं के संशोधन के लिए अब ऑनलाइन अनुरोध की व्यवस्था होगी.
दो श्रेणियों में होगा प्रोफाइल अपडेट
कर्मचारी प्रोफाइल को मुख्य रूप से स्थायी कर्मचारी मूल प्रोफाइल और वेतन एवं पदस्थापन प्रोफाइल में बांटा गया है. मूल प्रोफाइल में जन्म तिथि, सेवा में प्रवेश की तिथि, सेवानिवृत्ति की तिथि, आधार संख्या, पैन संख्या, मोबाइल नंबर, लिंग, श्रेणी और नामिनी जैसे विवरण शामिल हैं. डीडीओ द्वारा इन विवरणों को फ्रीज किये जाने के बाद कर्मचारी पोर्टल के माध्यम से संशोधन का अनुरोध कर सकेंगे.
संबंधित डीडीओ इसे पेंशन एवं लेखा निदेशालय को अग्रसारित करेंगे. वहीं पदनाम, पदस्थापन, मूल वेतन, वेतनमान, ग्रेड पे, वेतन आयोग, वेतन स्तर, ईमेल आइडी और बैंक खाते जैसे विवरण वेतन एवं पदस्थापन प्रोफाइल में होंगे. इन विवरणों में संशोधन के लिए कर्मचारी पोर्टल से ऑनलाइन अनुरोध डीडीओ को भेज सकेंगे. डीडीओ के ऑनलाइन अनुमोदन के बाद प्रोफाइल में संशोधन हो जायेगा और कर्मचारी को एसएमएस से सूचना मिलेगी.
नये कर्मियों के लिए भी डिजिटल व्यवस्था
नए कर्मचारियों की आवश्यक प्रविष्टियां और भविष्य में होने वाले संशोधन जीपीएफ नंबर आवंटन के समय पेंशन एवं लेखा निदेशालय के स्तर से किये जायेंगे. महालेखाकार कार्यालय या वित्त विभाग से वेतन पर्ची प्राप्त करने वाले अधिकारियों के लिए भी वेतन पर्ची के आधार पर ऑनलाइन संशोधन की व्यवस्था की गयी है.
तृतीय और चतुर्थ वर्ग के कर्मियों के वेतन निर्धारण और सत्यापन की प्रक्रिया को भी डिजिटल किया गया है. वित्त विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित यूजर मैनुअल के अनुसार कर्मियों की प्रोफाइल समय पर अपडेट कराने का निर्देश दिया है.
