रांची. जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल आपूर्ति और योजनाओं के प्रभावी संचालन में बेहतर योगदान देने वाली राज्य की आठ जल सहियाओं को बुधवार को सम्मानित किया गया. नेपाल हाउस में आयोजित सम्मान समारोह में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अबु इमरान ने जल सहियाओं को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिन्ह और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया.
सम्मानित होने वाली जल सहियाओं में बोकारो जिले की पांच और रांची जिले की तीन जल सहिया शामिल हैं. सम्मानित जल सहियाओं ने अपने कार्य अनुभव भी साझा किये. उन्होंने बताया कि गांव और पंचायत स्तर पर जल एवं स्वच्छता समिति के साथ समन्वय कर जलापूर्ति योजनाओं के संचालन और रखरखाव को बेहतर बनाने में वे सक्रिय भूमिका निभा रही हैं.
जल संरक्षण के लिए ग्रामीणों को कर रहीं जागरूक
जल सहियाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्रोतों की गुणवत्ता की जांच, जल संरक्षण और पानी के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक करने का काम भी किया है. इसके अलावा जलापूर्ति योजनाओं के रखरखाव से जुड़ी समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाने में भी उनकी भूमिका अहम रही है.
सचिव अबु इमरान ने सम्मानित जल सहियाओं के कार्यों की सराहना की. उन्होंने राज्य की अन्य जल सहियाओं से भी इनसे प्रेरणा लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल हर घर नल से जल पहुंचाना नहीं है, बल्कि ग्रामीण परिवारों को नियमित, पर्याप्त और दीर्घकालिक सुरक्षित जल सेवा उपलब्ध कराना भी है.
यूजर चार्ज के प्रति जागरूकता में अहम भूमिका
सचिव ने कहा कि जल सहियाएं ग्रामीण परिवारों को यूजर चार्ज के महत्व के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम कर रही हैं. जल कर के रूप में जमा होने वाली राशि का उपयोग पंप ऑपरेटरों और प्लंबरों के मानदेय के भुगतान के साथ-साथ जलापूर्ति योजनाओं के त्वरित रखरखाव और मरम्मत में किया जाता है.
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति योजनाओं को लंबे समय तक सुचारू रखने के लिए स्थानीय स्तर पर समुदाय की भागीदारी जरूरी है. इसमें जल सहियाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है.
