ED का दिया समय खत्म, सीएम हेमंत सोरेन ने नहीं बतायी पूछताछ की जगह

ईडी ने जमीन मामले में पूछताछ के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सातवां समन भेजा था. पत्र में ईडी ने हेमंत सोरेन को दो दिन में पूछताछ के लिए ऐसी जगह बताने को कहा था, जो दोनों पक्षों के लिए उपयुक्त हो, लेकिन अब तक सीएम का जवाब नहीं आया.

ED Summon to CM Hemant Soren: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ईडी को पूछताछ के लिए जगह की जानकारी नहीं दी. हालांकि, जगह बताने के लिए इडी द्वारा दी गयी समय सीमा रविवार को समाप्त हो गयी. मुख्यमंत्री द्वारा निर्धारित समय सीमा के अंदर जगह की सूचना नहीं दिये जाने की वजह से पूछताछ की संभावना कम हो गयी है. उल्लेखनीय है कि बड़गाईं अंचल के राजस्व कर्मचारी भानु प्रताप के मामले में दर्ज इसीआइआर (संख्या- आरएनजेडओ/25/23) की जांच के मामले में इडी ने मुख्यमंत्री को छह समन भेजा था. लेकिन वह पूछताछ के लिए हाजिर नहीं हुए थे. उन्होंने इडी के समन को दुर्भावना और राजनीति से प्रेरित बताते हुए सुप्रीम कोर्ट में इसे चुनौती दी थी. सुप्रीम कोर्ट ने याचिका को खारिज कर दिया था. लेकिन मुख्यमंत्री को हाइकोर्ट में याचिका दायर करने की छूट दी थी. इस आदेश के आलोक में मुख्यमंत्री ने हाइकोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन हाइकोर्ट से भी उन्हें राहत नहीं मिली. इसके बाद इडी ने उन्हें समन भेजा. जवाब में मुख्यमंत्री ने अपनी संपत्ति आयकर में घोषित होने और वैध स्रोत से खरीदे जाने की सूचना देते हुए पत्र लिखा

ईडी ने भी सीएम को लिखा पत्र

इसके बाद ईडी ने 29 दिसंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को एक पत्र लिखा. इसमें जांच के लिए उनका बयान दर्ज करना जरूरी बताया गया. साथ ही पत्र को समन समझने और पूछताछ के लिए उन्हें ही जगह बताने का अनुरोध किया गया. जगह बताने के लिए इडी ने दो दिनों का समय दिया और पूछताछ के लिए सात दिनों की मोहलत दी है. इडी द्वारा जगह बताने के लिए दी गयी दो दिनों की समय सीमा 31 दिसंबर को समाप्त हो गयी. हालांकि, मुख्यमंत्री की ओर से रविवार तक इडी को इस सिलसिले में कोई सूचना नहीं दी गयी है.

Also Read: ईडी ने CM हेमंत को दिया आखिरी मौका, कहा- आपका बयान दर्ज करना है, दो दिनों के अंदर आप ही बतायें, जगह कौन सी हो

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >