रांची से उत्तम महतो की रिपोर्ट
रांची : राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित 'डूरंड कप' (Durand Cup) के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर रांची नगर निगम पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है. सोमवार को नगर निगम की टीम ने मोरहाबादी मैदान के उत्तरी हिस्से में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. इस दौरान मुख्य मार्ग से सटी सरकारी भूमि पर लंबे समय से जमाए गए अवैध कब्जों को पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया.
अपर नगर आयुक्त की मौजूदगी में चला बुलडोजर
इस अभियान का नेतृत्व खुद अपर नगर आयुक्त संजय कुमार कर रहे थे, जिन्होंने स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर संपूर्ण कार्रवाई का बारीकी से निरीक्षण किया. निगम की इंफोर्समेंट टीम ने इस दौरान कड़ी कार्रवाई की.
ये भी पढ़ें: पलामू जिला स्कूल में एडमिशन स्कैम, टेस्ट में फेल बच्चों भी नामांकित
इन रास्तों से हटा कब्जा
अभियान के दौरान होटल पार्क प्राइम से लेकर टीआरआई (TRI), अंतु चौक और मोरहाबादी मुख्य मार्ग से सटी सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया. साथ ही अवैध निर्माण को भी ध्वस्त कर दिया गया. इसके तहत मैदान की जमीन पर अवैध रूप से बनाई गई बैरिकेडिंग, अवैध होर्डिंग्स, विज्ञापन बोर्ड, ठेला-खोमचा और बांस-बल्ली को हटा दिया गया. इसके अलावा छह अस्थायी संरचनाओं (दुकान/शेड) को पूरी तरह तोड़ दिया गया. एक स्थानीय प्ले स्कूल द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे और अवैध टाइल्स फ्लोरिंग को भी बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया. कार्रवाई के बाद पूरी जमीन से झाड़ियों की सफाई कर क्षेत्र को व्यवस्थित किया गया है. अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने कड़े शब्दों में निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों को इस क्षेत्र की नियमित निगरानी करने और फिर से अतिक्रमण की कोशिश करने वालों पर तत्काल कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
अतिक्रमण मुक्त जमीन पर डेवलप किया जाएगा 'अस्थायी पार्किंग स्थल'
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य डूरंड कप के दौरान मोरहाबादी आने वाले हजारों खेल प्रेमियों को सहूलियत देना है. अतिक्रमण से मुक्त कराई गई इस सरकारी जमीन को 'अस्थायी पार्किंग स्थल' (Temporary Parking Lot) के रूप में डेवलप किया जाएगा. भगवान बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में मैच देखने आने वाले दर्शकों और खेल प्रेमियों के वाहनों की कतारों से जाम न लगे, इसके लिए इस पार्किंग स्पेस का उपयोग किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: गिरिडीह के झरखट्टा गांव में खुखड़ी खाने से 7 लोग बीमार, सदर अस्पताल में भर्ती
