Ranchi Road Accident: रांची ग्रामीण क्षेत्र में शनिवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि तीन लोग घायल हो गये. सबसे बड़ी घटना कांके रोड स्थित उरांव मार्केट के समीप हुई, जहां नशे में धुत ट्रैक्टर चालक ने सड़क किनारे खड़े चार दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में सभी बाइक और स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गये. इस दौरान एक स्कूटी पर बैठा लड़का ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया. पास खड़े एक व्यक्ति ने उसे खींचकर उसकी जान बचायी.
हाइवा की चपेट में बाइक सवार की मौत, चालक फरार
घटना के बाद कांके पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया. बताया गया कि चालक देर रात तक नशे की हालत में सोया रहा. वहीं, शनिवार की सुबह कांके थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित होचर मलाहारी रेस्टोरेंट के समीप हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार फुलेंद्र महतो (40, पिता तेंबु महतो) की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. कांके थाना प्रभारी कुणाल कुमार ने बताया कि घायल को रिम्स भेजा गया है. दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही है.
मांडर में दो बाइकों की टक्कर, दो युवक घायल
वहीं मांडर-बुढ़मू रोड पर करगे के समीप दो बाइकों की टक्कर में गोपाल मुंडा (28 वर्ष) और सुनील उरांव (25 वर्ष) घायल हो गये. गंभीर रूप से घायल गोपाल मुंडा को प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर किया गया. जानकारी के अनुसार, गोपाल मुंडा की बाइक अनियंत्रित होकर पीछे से सुनील उरांव की बाइक से टकरा गयी थी.
इसे भी पढ़ें: हजारीबाग को मिली नई महिला डीटीओ, कंचन कुमारी भुदोलिया ने संभाला पदभार
इसे भी पढ़ें: लातेहार पहुंचे झारखंड वॉलीबॉल एसोसिएशन के संरक्षक शेखर बोस, खिलाड़ियों को दिया सफलता का मंत्र
