द्रौपदी मुर्मू आज आयेंगी झारखंड,राष्ट्रपति चुनाव को लेकर पक्ष-विपक्ष के नेताओं से भेंट कर मांगेंगी समर्थन

द्रौपदी मुर्मू सोमवार को झारखंड आ रही है. इस दौरान पक्ष-विपक्ष के नेताओं से मुलाकात कर जीत सुनिश्चित करने के लिए समर्थन मांगेगी. वहीं, एनडीओ की ओर से आयोजित बैठक में भी शामिल होंगी.

Jharkhand News: NDA की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आज झारखंड आ रही है. इस दौरान वे पक्ष-विपक्ष के नेताओं से मुलाकात कर अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए समर्थन मांगेगी. बता दें कि पूर्व में द्रौपदी मुर्मू मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से फोन पर बात कर समर्थन मांगा था, लेकिन झामुमो की ओर से अभी तक राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू या यशवंत सिन्हा में किसे वोट देना है, यह तय नहीं हुआ है. पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन को इसके लिए अधिकृत किये गये हैं.

सुबह 11 बजे आयेंगी रांची

बताया गया कि सोमवार को राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू सुबह 11 बजे विशेष विमान से नई दिल्ली से रांची आएंगे. भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष समेत पार्टी के नेता और कार्यकर्ता उनका जोरदार स्वागत करेंगे. यहां भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा पारंपरिक रीति रिवाज एवं नृत्य संगीत के साथ स्वागत किया जाएगा.

NDA की बैठक में होंगी शामिल

एयरपोर्ट से द्रौपदी मुर्मू का काफिला होटल बीएनआर चाणक्य पहुंचेगा. यहां एनडीए द्वारा आयोजित सांसद एवं विधायकगण की बैठक को संबोधित करेंगी. इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, विधायक दल के नेता सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, अन्नपूर्णा देवी,आजसू प्रमुख सुदेश महतो, प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू सहित अन्य सांसद एवं विधायकगण शामिल होंगे. शाम करीब पांच बजे विशेष विमान से नई दिल्ली लौट जाएगी.

Also Read: द्रौपदी मुर्मू 4 जुलाई को आयेंगी झारखंड, राष्ट्रपति चुनाव में जीत सुनिश्चित करने को नेताओं से करेंगी भेंट

राष्ट्रपति पद के दोनों उम्मीदवारों का झारखंड से है जुड़ाव

एनडीओ की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का झारखंड से गहरा जुड़ाव रहा है. द्रौपदी मुर्मू छह साल से अधिक समय तक झारखंड की राज्यपाल रह चुकी है. द्रौपदी मुर्मू संताल आदिवासी समाज से आती है. एनडीए इन्हें अपना उम्मीदवार बनाकर आदिवासियों की भावना का सम्मान देने की बात कर रही है. दूसरी ओर, यूपीए के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का भी झारखंड से नाता है. हजारीबाग के सांसद रहे यशवंत सिन्हा केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं. इधर, राष्ट्रपति चुनाव में वोटों की बात करें, तो झारखंड में एनडीए का पलड़ा भारी है.

Posted By: Samir Ranjan.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >