रांची : जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत में अभी भी सुधार नहीं हुआ है. उनका इलाज अभी भी डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है. सोमवार को देवेंद्र नाथ महतो को अस्पताल से वापस धरना स्थल पर लाने के लिए रामअवतार महतो समेत कई छात्र पहुंचे थे. हालांकि, डॉक्टरों ने उनकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए डिस्चार्ज करने से इनकार कर दिया. अस्पताल से डिस्चार्ज नहीं होने के बाद अब छात्र धरना स्थल पर आगे की रणनीति तय करेंगे.
क्या कहा सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने
इस बारे में जब अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ विमलेश से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि देवेंद्र महतो का स्वास्थ्य अभी ठीक नहीं है. ऐसी स्थिति में उन्हें अस्पताल से छुट्टी देना संभव नहीं है. डॉक्टरों के मुताबिक, उन्हें फिलहाल चिकित्सकीय निगरानी में रखना जरूरी है. इसके बाद रामअवतार महतो और उनके साथ पहुंचे सभी छात्र अस्पताल से वापस धरना स्थल लौट गए.
अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की वजह से बिगड़ी सेहत
देवेंद्र नाथ महतो पिछले कई दिनों से जेपीएससी, जेएसएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी, अनियमितता और पारदर्शिता की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. इसी क्रम में उन्होंने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल भी शुरू की थी. लंबे समय तक अनशन के कारण उनकी सेहत पर असर पड़ा है. हाल की चिकित्सकीय जांच में डिहाइड्रेशन और ब्लड प्रेशर गिरने जैसी स्थिति सामने आने की रिपोर्ट है.छात्र आंदोलनकारियों का कहना है कि देवेंद्र महतो की तबीयत खराब होने के बावजूद उनकी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रहेगा. आंदोलनकारी जेपीएससी-जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: झारखंड JPSC-JSSC Protest : JSSC सचिव सुधीर गुप्ता के ठिकानों पर CID की छापेमारी, खंगाले गए दस्तावेज
