घाटशिला उपचुनाव में एकजुट लड़ाई का ऐलान

एनडीए एकजुट होकर घाटशिला उपचुनाव लड़ेगी. यह निर्णय मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई एनडीए घटक दलों की बैठक में लिया गया.

रांची. एनडीए एकजुट होकर घाटशिला उपचुनाव लड़ेगी. यह निर्णय मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई एनडीए घटक दलों की बैठक में लिया गया. इसमें 11 नवंबर को होने वाले घाटशिला उपचुनाव में एनडीए की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गयी. बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि घाटशिला उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित है. विधानसभा क्षेत्र की जनता हेमंत सरकार की वादा खिलाफी से तंग आ चुकी है. पिछले छह वर्षों में राज्य का विकास ठप हो चुका है. उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार पार्ट टू का भी लगभग एक वर्ष पूर्ण होने को है, लेकिन जनता को केवल लूट, भ्रष्टाचार, दलाली, माफियागिरी ही देखने को मिल रही है. बालू, पत्थर, जमीन की लूट मची है. आम आदमी सड़क, स्वास्थ्य, बिजली, शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है. स्कूलों में शिक्षक नहीं, अस्पतालों में दवा और डॉक्टर नहीं. सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार का बोलबाला है. बिना पैसे के कोई काम नहीं होता. कानून व्यवस्था ध्वस्त है. जनता राज्य की राजधानी में भी सुरक्षित नहीं है. राज्य के युवा नौकरी की प्रतीक्षा करते-करते थक चुके हैं. वेकेंसी निकल नहीं रही, जो निकल रही वह बेंच दी जा रही है. एनडीए राज्य सरकार के खिलाफ इन मुद्दों के साथ जनता के बीच जायेगा. जनता का मिजाज राज्य सरकार को सबक सिखाने का हो चुका है.

हेमंत सरकार से जनता की नाराजगी चुनाव परिणाम में दिखेगा : सुदेश

आजसू पार्टी के अध्यक्ष सह पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने कहा कि एनडीए पूरी तरह से एकजुट होकर घाटशिला उपचुनाव में अपनी ताकत लगायेगा. राज्य सरकार की हर मोर्चे पर नाकामी ही सबसे बड़ा मुद्दा है. एनडीए जनता से भ्रष्ट निकम्मी सरकार से झारखंड को बचाने का आग्रह करेगा. हेमंत सरकार से जनता की नाराजगी चुनाव परिणाम में दिखेगी. जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद खीरू महतो ने कहा कि एनडीए के घटक दलों ने बैठक में जो निर्णय लिया है उसे परिणाम में बदलेंगे. घाटशिला उपचुनाव में एनडीए की जीत सुनिश्चित है. लोजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान ने कहा कि आम चुनाव में भी घाटशिला के एनडीए प्रत्याशी की स्थिति अच्छी रही थी. इस बार जनता पिछली कमियों को दूर कर एनडीए प्रत्याशी को जीत दिलायेगी. बैठक में भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू समेत लोजपा विधायक जनार्दन पासवान, उमेश तिवारी मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Praveen

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >