थाना क्षेत्र में डालसा और पुलिस ने 14 मार्च को होनेवाली नाबालिग की शादी को रुकवा दिया
By JITENDRA | Updated at :
अनगड़ा.
थाना क्षेत्र में डालसा और पुलिस ने 14 मार्च को होनेवाली नाबालिग की शादी को रुकवा दिया. सूचना मिलने पर दोनों पक्षों को मंगलवार को थाने बुलाकर काउंसलिंग की और लड़की के बालिग होने तक शादी नहीं करने का बांड भरवाया गया. जानकारी के अनुसार बोंगईबेड़ा पंचायत के बानपुर जहरा टोली निवासी सोमरा मुंडा की 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री का विवाह राजाडेरा पंचायत के रूपडू गांव निवासी लालसाय मुंडा के 19 वर्षीय पुत्र के साथ तय कर दिया गया था. शादी की तारीख 14 मार्च निर्धारित कर दी गयी. इसी बीच बाल विवाह की सूचना डालसा के पीएलवी बेबी सिन्हा को मिली. उन्होंने इसकी जानकारी डालसा सचिव राकेश रौशन को दी. साथ ही बीडीओ जयपाल सोय और सीडब्ल्यूसी को भी पूरे मामले से अवगत कराया गया. सूचना के आधार पर पुलिस ने ने दोनों पक्षों को थाना बुलाया. थाना प्रभारी गौतम रजवार की मौजूदगी में दोनों पक्षों के लोगों की काउंसेलिंग कर नियमों को समझाया गया. अंततः दोनों पक्षों की सहमति से एक बांड पेपर बनाकर लड़की के बालिग होने पर शादी कराने की बात कही गयी. मौके पर मीना श्रीवास्तव, मालती कुमारी, शीला देवी आदि मौजूद थीं.