रांची : झारखंड में कोरोना वायरस के मरीजों के बढ़ने का सिलसिला थम नहीं रहा. शुक्रवार (29 मई, 2020) को राज्य में एक साथ रिकॉर्ड 46 पॉजिटिव केस मिलने के साथ ही इस विषाणु से संक्रमित लोगों की संख्या 500 के पार हो गयी. अब राज्य में 523 कोरोना वायरस के संक्रमण से पीड़ित मरीज हैं. इनमें 300 से ज्यादा प्रवासी श्रमिक हैं. 29 मई की रात 9:50 बजे जमशेदपुर से 10 नये कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले. इससे पहले हजारीबाग से 10, रामगढ़ में 9, कोडरमा से 7, जमशेदपुर से 5, धनबाद से 3 और बोकारो से 2 कोरोना पॉजिटिव मरीज की पुष्टि हुई थी. रामगढ़ के संक्रमितों में पतरातू से 4, रामगढ़ प्रखंड से 4 और चितरपुर से 1 मरीज शामिल हैं. पतरातू और चितरपुर के मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री मुंबई की है. वहीं, रामगढ़ प्रखंड के 4 मरीज बेंगलुरु, गुजरात, मुंबई और तमिलनाडु से लौटे थे. सभी को सरकारी कोरेंटिन में रखा गया था. जमशेदपुर से मिले सभी मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री महाराष्ट्र, दिल्ली, गुड़गांव और चेन्नई की है. लौटने के बाद से ये लोग भी कोरेंटिन सेंटर में थे. धनबाद से मिले तीन संक्रमितों में एक बाघमारा का रहनेवाला है, जबकि दूसरा एग्यारकुंड क्षेत्र का. तीसरा व्यक्ति धनबाद भूंईफोड़ मंदिर के पास श्यामडीह का रहनेवाला है. तीनों प्रवासी हैं और कोरेंटिन में रह रहे हैं. जमशेदपुर से शुक्रवार को दो मरीजों को डिस्चार्ज भी किया गया है.