Jharkhand Coronavirus Update: राज्य में एक दिन में 314 नये मामले, 7 लोगों की हुई मौत, 100 लोग ठीक भी हुए

Coronavirus in Jharkhand: झारखंड में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 314 नये (corona infection record new cases) मामले सामने आये हैं. स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक 24 घंटे में राज्य में 314 नये मामलों के साथ राज्य में अब तक कोरोना संक्रमण के कुल 7,564 मामले आ चुके हैं. जबकि आज 7 लोगों की मौत हुई है. इसके साथ राज्य में कोरोना संक्रमण से अब तक 76 लोगों की मौत हो चुकी है. फिलहाल राज्य में एक्टिव (Active cases) केस की संख्या 4,134 है जबकि 3354 मरीज ठीक हो चुके हैं. झारखंड में कोरोना वायरस से जुड़े तमाम अपडेट्स के लिए बने रहे हमारे साथ...

Live Updates
10:49 PM. 24 Jul 20 10:49 PM. 24 Jul

कोरोना के 314 नये मामले मिले

झारखंड में शुक्रवार को एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 314 नये मामले सामने आये हैं. इस तरह राज्य में अब तक कुल 7,564 कोरोना संक्रमितों की संख्या पहुंची गयी है. इसके तहत बोकारो जिले में 1, चतरा में 1, दुमका में 4, पूर्वी सिंहभूम में 21, गढ़वा में 57, गिरिडीह में 6, गोड्डा में 3, गुमला में 2, हजारीबाग में 30, कोडरमा में 17, लोहरदगा में 10, पाकुड़ में 2, पलामू से 3, रामगढ़ में 25, रांची में 84, साहिबगंज में 16, सरायकेला में 9, सिमडेगा में 12 और पश्चिमी सिंहभूम जिले में 3 कोरोना के नये मामले आये हैं.

एक दिन में 7 लोगों की हुई मौत

शुक्रवार को राज्य में एक दिन में 7 लोगों की मौत हुई है. इसके साथ ही राज्य में काेरोना से अब तक 76 लोगों की मौत हो चुकी है. शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम से 2, गढ़वा से 1, हजारीबाग से 1 और रांची से 3 लोगों की मौत कोरोना संक्रमण से हो गयी है.

10:49 PM. 24 Jul 20 10:49 PM. 24 Jul

कोरोना से जंग जीतने वाले 92 वर्षीय बुजुर्ग की हुई मौत

कोडरमा के नगर पंचायत क्षेत्र निवासी 92 वर्षीय मनोरथ राय शर्मा का इलाज के दौरान रिम्स में निधन हो गया. वे कुछ दिन पूर्व कोविड-19 से संक्रमित हो गये थे, पर रिम्स में कुछ दिनों तक चले इलाज के बाद उनकी कोविड रिपोर्ट निगेटिव आयी थी. कोरोना से वे जंग जरूर जीत गये थे, पर अन्य बीमारी होने की वजह से उनका इलाज सामान्य वार्ड में रिम्स में ही चल रहा था. बताया जाता है कि इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गयी. ज्ञात हो कि इस परिवार के दवा दुकानदार के संक्रमित मिलने के बाद सभी की जांच की गयी थी, जिसमें बुजुर्ग दंपती भी संक्रमित मिला था. इधर, नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 में एक व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव मिलने से लोगों में हड़कंप मचा हुआ है. उक्त व्यक्ति कोलकाता से गत दिनों आया था. बताया जाता है कि वह पहले से ही बीमार चल रहा था. जांच के बाद उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आयी.

8:13 PM. 24 Jul 20 8:13 PM. 24 Jul

रांची में 46 और गढ़वा में 34 कोरोना पॉजिटिव केस मिले

रांची में लगातार दो दिन से 200 से अधिक कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद शुक्रवार को अब तक 46 लोगों में कोविड19 के संक्रमण की पुष्टि हुई है. गढ़वा में भी 34 लोग कोरोना से संक्रमित मिले हैं.

8:13 PM. 24 Jul 20 8:13 PM. 24 Jul

इटकी यक्ष्मा आरोग्यशाला के अधीक्षक निकले कोरोना पॉजिटिव

रांची के इटकी स्थित इटकी यक्ष्मा आरोग्यशाला में कोरोना की जांच बंद कर दी गयी है. आरोग्यशाला के अधीक्षक ही कोरोना पॉजिटिव निकले हैं. उनकी पत्नी में भी कोरोना के संक्रमण की पुष्टि हुई है. शुक्रवार (24 जुलाई, 2020) को सिर्फ 3 कोरोना के सैंपल की जांच हुई, सभी की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी. जैसे ही पता चला कि आरोग्यशाला के अधीक्षक और उनकी पत्नी कोरोना से संक्रमित हैं, केंद्र को बंद कर दिया गया.

8:13 PM. 24 Jul 20 8:13 PM. 24 Jul

इटकी कोरोना जांच केंद्र के अधीक्षक और उनकी पत्नी कोरोना पॉजिटिव, जांच बंद

इटकी में कोरोना के सैंपल की जांच बंद हो गयी है. इटकी आरोग्यशाला के अधीक्षक और उनकी पत्नी के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के बाद जांच केंद्र को तीन दिन के लिए सील कर दिया गया है. इस दौरान यहां कोरोना की जांच नहीं होगी.

8:13 PM. 24 Jul 20 8:13 PM. 24 Jul

झारखंड में 80 कोरोना पॉजिटिव केस मिले

झारखंड में शुक्रवार (24 जुलाई, 2020) को अब तक 80 कोरोना पॉजिटिव केस मिला है. अब तक 394 सैंपल की जांच हुई है, जिसमें 303 केस निगेटिव हैं और 80 लोगों में संक्रमण पाया गया है. इनमें रांची के 46 और गढ़वा के 34 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है.

8:13 PM. 24 Jul 20 8:13 PM. 24 Jul

लॉकडाउन के दौरान पंडरा बाजार में पसरा सन्नाटा

चैंबर के तीन दिन दुकानें बंद रखने के फैसले के पहले दिन पंडरा बाजार में इसका जबर्दस्त असर दिखा. शुक्रवार को बाजार की सभी दुकानें बंद रहीं और वहां सन्नाटा पसरा रहा. कोरोना के बढ़ते संक्रमण की वजह से चैंबर ने व्यवसायियों से कहा है कि सप्ताह में तीन दिन दुकानों को बंद रखें.

8:13 PM. 24 Jul 20 8:13 PM. 24 Jul

पालकोट के कई हाट-बाजार रहेंगे बंद

गुमला जिला में पालकोट प्रखंड के विकास पदाधिकारी शंकर एक्का ने कहा है कि प्रखंड में कोरोना वायरस महामारी को देखते हुए पालकोट, बघिमा, पोजेंगा जैसे बड़े गांवों के हाट-बाजारों को पूरी तरह बंद रखा जायेगा. हाट क्षेत्र में पड़ने वाले दुकानदारों को भी बाजार के दिनों में अपनी दुकानें बंद रखनी होगी. हाट के दिनों को छोड़कर इन सभी गांवों में अपनी दुकान सुबह सात बजे से दोपहर दो बजे तक खोल सकेंगे.

8:13 PM. 24 Jul 20 8:13 PM. 24 Jul

भरनो में सघन वाहन चेकिंग अभियान

कोरोना संक्रमण के रोकथाम के लिए गुमला जिला के भरनो प्रखंड के बीडीओ विशाल कुमार एवं सीओ प्रीति केरकेट्टा ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया. अधिकारियों ने ब्लॉक चौक पर मास्क नहीं पहनने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की. कई वाहन चालकों के चालान काटे गये. बिना मास्क घूम रहे युवाओं को फटकार लगायी और बिना काम के सड़कों पर नहीं घूमने की हिदायत दी.

8:13 PM. 24 Jul 20 8:13 PM. 24 Jul

लॉकडाउन में कोचिंग चला रहे शिक्षकों का कटा चालान

गुमला जिला के बिशुनपुर प्रखंड मुख्यालय में लॉकडाउन के दौरान कोचिंग सेंटर चला रहे 2 शिक्षकों का चालान काट दिया गया है. प्रखंड विकास पदाधिकारी छंदा भट्टाचार्य ने बताया कि 2 शिक्षक अलग-अलग जगहों पर 10वीं कक्षा के 200 बच्चों को इकट्ठा कर पढ़ा रहे हैं. दोनों शिक्षकों पर जुर्माना लगाया गया है.

8:13 PM. 24 Jul 20 8:13 PM. 24 Jul

गुमला के भरनो में दो कंटेनमेंट जोन को किया गया सील

गुमला जिला के भरनो प्रखंड में दो कंटेनमेंट जोन को प्रशासन ने शुक्रवार को सील कर दिया. कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रखंड प्रशासन ने 2 अलग-अलग कंटेनमेंट जोन की बैरिकेडिंग करते हुए प्रवेश निषेध का बोर्ड लगा दिया गया है. भरनो ब्लॉक चौक के पास संक्रमित अस्पताल कर्मचारी एवं संक्रमित निजी चिकित्सक के घर के आसपास के पूरे इलाके को सैनिटाइज कराया गया.

2:20 PM. 24 Jul 20 2:20 PM. 24 Jul

कोरोना जांच कि धीमी गति पर कोर्ट ने जतायी आपत्ति

झारखंड में कोविड-19 के संक्रमितों की संख्या में हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए कोर्ट ने चिंता जाहिर की है. जांच की धीमी गति को लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त किया है. कोर्ट ने कहा की हाई कोर्ट के कर्मचारियों का सैंपल रिपोर्ट कई दिनों के बाद मिलती है तो राज्य की जनता की क्या स्थिति होगी.

2:20 PM. 24 Jul 20 2:20 PM. 24 Jul

देवकमल अस्पताल में कोविड मरीजों के लिए 45 बेड तैयार

एसिम्प्टोमैटिक कोविड मरीजों के लिए रांची के देव कमल अस्पताल को डेडिकेटेड कोविड अस्पताल बनाया गया है. यहां पर मरीजों के लिए 45 बेड तैयार किये गये हैं. जो मरीज यहां भर्ती होंगे उन्हें 2400 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से देने होंगे.

2:20 PM. 24 Jul 20 2:20 PM. 24 Jul

झारखंड में भी प्लाज्मा थैरेपी

दिल्ली की तर्ज पर झारखंड में भी प्लाज्मा थेरेपी से कोरोना के मरीजों का इलाज किया जायेगा. स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने ट्वीट कर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रिम्स में इसका उद्घाटन करेंगे. आईसीएमआर के ट्रायल अनुमित पर कई राज्यों ने इस पद्धति से इलाज शुरू किया है जो सफल रहा है.

2:20 PM. 24 Jul 20 2:20 PM. 24 Jul

गढ़वा में कोरोना से दूसरी मौत

गढ़वा जिले में कोरोना से शुक्रवार को दूसरी मौत हुई है. मृतक गढ़वा के एक अधिकारी के पिता थे. जानकारी के अनुसार जिले में पोस्टेड के एक अधिकारी के 84 वर्षीय वृद्ध पिता की मौत कोरोना हुई है. वे पड़ोसी राज्य बिहार के डेहरी से अपने पुत्र के यहां गढ़वा आये थे.

2:20 PM. 24 Jul 20 2:20 PM. 24 Jul

आज भी बंद रहेगा सिविल कोर्ट

सिविल कोर्ट के एक कर्मी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पूरे सिविल कोर्ट को सैनिटाइज किया जा रहा है. इसके कारण आज भी सिविल कोर्ट बंद रहेगा. हालांकि सिविल कोर्ट के कर्मी की कोरोना पॉजिटिव होने की अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

2:20 PM. 24 Jul 20 2:20 PM. 24 Jul

बंद है आयकर और सेंट्रल एक्साइज दफ्तर

एक पोस्टमैन के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के बाद आयकर और सेंट्रल एक्साइज दफ्तर को बंद कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि वह पोस्टमैन इन दोनों ही दफ्तर में डाक पहुंचाता था. अब दोनों ही कार्यालय सोमवार को खुलेंगे.

2:20 PM. 24 Jul 20 2:20 PM. 24 Jul

11 बजे तक खुली रहेगी डेली मार्केट मंडी

झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा बुलाए गये लॉकडाउन का डेली मार्केट के फल और सब्जी मंडी के व्यापारियों ने भी समर्थन किया है. डेली मार्केट राइन पंचायत के अध्यक्ष ने कहा कि शुक्रवार को दिन में 11 बजे तक ही मंडी खुली रहेगी. हम एक दिन के लिए लॉकडाउन का समर्थन करेंगे. शनिवार को मंडी खुली रहेगी.

2:20 PM. 24 Jul 20 2:20 PM. 24 Jul

पांच दिनों लिए विधानसभा सील

झारखंड विधानसभा भवन को पांच दिनों के लिए सील कर दिया गया है. विधायक सीपी सिंह के कोरोना प़ॉजिटिव पाये जाने के बाद यह फैसला लिया गया है. इन पांच दिनों के तीन कार्यदिवस में कोई कार्य नहीं होगा. विधायक के संपर्क में आने वाले कर्मियों को सेल्फ कोरेंटिन में जाने का निर्देश दिया गया है.

2:20 PM. 24 Jul 20 2:20 PM. 24 Jul

झारखंड चैंबर द्वारा बुलाये गये लॉकडाउन का पहला दिन 

आज झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा बुलाये गये लॉकडाउन का पहला दिन है. आज से तीन दिन शहर की दुकानें बंद रहेगी. आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को इससे छूट दी गयी है.

2:20 PM. 24 Jul 20 2:20 PM. 24 Jul

इटकी आरोग्यशाला का लैब बंद

इटकी स्थित यक्ष्मा केंद्र लैब के दो कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं. इस कारण लैब को बंद कर दिया गया है. अब अगले तीन दिनों तक यहां जांच कार्य बंद रहेंगे.

2:20 PM. 24 Jul 20 2:20 PM. 24 Jul

इन जिलों से मिले संक्रमित

पिछले 24 घंटे में राज्य में 478 नये मामले सामने आये हैं. रांची में सबसे अधिक 198 नये मामले सामने आये हैं. पूर्वी सिंहभूम से 90, कोडरमा से 32, रामगढ़ से 26, पश्चिमी सिंहभूम से 22, पलामू से 22, धनबाद से 18, हजारीबाग से 12, सरायकेला और लोहरदगा से 10-10, बोकारो से नौ, गिरिडीह और चतरा से छह-छह, गुमला से चार, पाकुड़ और जामताड़ा से चार-चार, गोड्डा और साहिबगंज से दो-दो और देवघर से एक संक्रमण का मामला सामने आया है.

7:14 AM. 24 Jul 20 7:14 AM. 24 Jul

24 घंटे में 26 पुलिस जवान कोरोना संक्रमित

कोडरमा थाना में 24 घंटे में 26 जवान कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं. इसके बाद थाना को 48 घंटे के लिए सील कर दियागया है. जबकि इससे पहले अलग-अलग दिन में 28 जवान संक्रमित मिले थे. इस तरह पिछले कुछ दिनों में जिला पुलिस बल के 54 जवान कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं.

मुख्य बातें

Coronavirus in Jharkhand: झारखंड में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 314 नये (corona infection record new cases) मामले सामने आये हैं. स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक 24 घंटे में राज्य में 314 नये मामलों के साथ राज्य में अब तक कोरोना संक्रमण के कुल 7,564 मामले आ चुके हैं. जबकि आज 7 लोगों की मौत हुई है. इसके साथ राज्य में कोरोना संक्रमण से अब तक 76 लोगों की मौत हो चुकी है. फिलहाल राज्य में एक्टिव (Active cases) केस की संख्या 4,134 है जबकि 3354 मरीज ठीक हो चुके हैं. झारखंड में कोरोना वायरस से जुड़े तमाम अपडेट्स के लिए बने रहे हमारे साथ…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >