3 जगहों पर विवाद से अटका RIMS की चहारदीवारी का काम, जीर्णोद्धार भी धीमा

रांची रिम्स की चहारदीवारी का काम तीन जगहों पर जमीन विवाद के कारण रुका हुआ है. निर्माण कार्य की गति बेहद धीमी है और प्रशासन समाधान निकालने में जुटा है.

राजीव पांडेय की रिपोर्ट

रांचीः रिम्स की जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने के बाद हाइकोर्ट के निर्देश पर चहारदीवारी निर्माण का काम चल रहा है. लेकिन तीन स्थानों पर आ रही बाधाओं के कारण काम प्रभावित हो रहा है. पहला बाधक स्थल पारा मेडिकल काउंसिल के पास है, जहां स्थानीय लोगों के विरोध के कारण काम रोकना पड़ा है. दूसरा बरियातू से हिल व्यू अस्पताल जाने वाली सड़क पर है, जहां लोग अपनी सुविधा के अनुसार जगह छोड़ने की मांग कर रहे हैं. तीसरा बाधक स्थल डीआइजी ग्राउंड के पास है, जहां करीब 20 फीट हिस्से में सड़क निर्माण नहीं हो पा रहा है. इन बाधाओं के कारण अब तक चहारदीवारी का करीब 30 से 35 फीसदी काम ही पूरा हो सका है.

तीन जगहों पर निर्माण कार्य में अड़चन

पारा मेडिकल काउंसिल के पास स्थानीय लोगों के विरोध के कारण चहारदीवारी का काम बाधित है. वहीं बरियातू से हिल व्यू अस्पताल जाने वाली सड़क पर लोग अपनी सुविधा के अनुसार जगह छोड़ने की मांग कर रहे हैं. डीआइजी ग्राउंड के पास करीब 20 फीट हिस्से में सड़क निर्माण नहीं होने से चहारदीवारी का काम भी प्रभावित है.

ये भी पढ़ें- बिरसा कॉलेज में स्नातक की सीटें घटाने के विरोध में विद्यार्थियों का प्रदर्शन

जीर्णोद्धार का काम भी बेहद धीमा

इधर, ओपीडी और आईपीडी के जीर्णोद्धार का काम भी बेहद धीमी गति से चल रहा है. सूत्रों के अनुसार, अब तक ओपीडी और आइपीडी जीर्णोद्धार का महज नौ फीसदी काम ही पूरा हो पाया है. सबसे बड़ी समस्या यह है कि अस्पताल के वार्ड संचालित रहते हुए दूसरे वार्ड को खाली कराकर जीर्णोद्धार का काम करना पड़ रहा है. चहारदीवारी निर्माण के लिए 24 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित है. वहीं ओपीडी के जीर्णोद्धार पर 16 करोड़ रुपए और आइपीडी को दुरुस्त करने पर 275 करोड़ रुपए खर्च होने हैं.

अधूरा पड़ा चहारदीवारी जीर्णोद्धार का काम

रिम्स स्तर पर मॉनिटरिंग का अभाव

निर्माण और जीर्णोद्धार कार्य की मॉनिटरिंग वर्तमान में रिम्स की ओर से प्रभावी तरीके से नहीं की जा रही है. जिम्मेदार अधिकारी भी तीनों बाधाओं का स्थायी समाधान नहीं निकाल पा रहे हैं. जहां अधिक जगह छोड़ने की मांग की जा रही है, वहां लोग नियमानुसार निर्धारित सीमा मानने को तैयार नहीं हैं. पारा मेडिकल काउंसिल के पास भी कथित रूप से प्रभावशाली लोगों के विरोध के कारण स्थिति जटिल बनी हुई है.

ये भी पढ़ें- जमीन दिलाने के नाम पर 59.56 लाख रुपए की ठगी, पांच साल बाद दिया चेक भी बाउंस

बड़गाईं अंचल से मांगा सहयोग

चहारदीवारी निर्माण में आ रही बाधाओं के स्थायी समाधान के लिए रिम्स प्रबंधन ने बड़गाईं अंचल से सहयोग मांगा है. अंचल कार्यालय को बताया गया है कि भू-अर्जन कार्यालय के नक्शे को आधार बनाकर अतिक्रमणमुक्त कार्रवाई की जाए. रिम्स प्रबंधन का मानना है कि इससे निर्माण कार्य में आ रही बाधाएं दूर होंगी और चहारदीवारी का काम जल्द पूरा किया जा सकेगा.

बाधा के तीन प्वाइंट :

  • रिम्स पारा मेडिकल काउंसिल के पास, जहां लोगों का विरोध है.
  • बरियातू से हिल व्यू अस्पताल की सड़क पर, जहां मनमुताबिक जगह छोड़ने की मांग है.
  • डीआइजी ग्राउंड के पास, जहां 20 फीट जगह पर सड़क निर्माण बाधित है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकाश नाथ

26 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हूं. रिपोर्टिंग के साथ डेस्क का काम करने भी अनुभव प्राप्त है. खेल डेस्क में भी काम करने का अनुभव है. रुरल के संस्करणों को देखता हूं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >