रांची के मौलाना आजाद कॉलेज में हंगामा, निलंबित कर्मचारी पहुंचा काम करने; 10.74 लाख की गड़बड़ी का आरोप

रांची के मौलाना आजाद कॉलेज में सोमवार को तब हंगामा मच गया जब 10.74 लाख रुपये गबन के आरोप में निलंबित परवेज आलम काम पर आ गया. कॉलेज प्रशासन द्वारा रोके जाने पर वह उग्र हो गया, जिसके बाद प्राचार्य समेत सभी कर्मचारी धरने पर बैठ गए.

रांची. मौलाना आजाद कॉलेज में सोमवार को उस समय हंगामा हो गया, जब निलंबित कर्मचारी परवेज आलम अपने टेबल पर काम करने पहुंच गया. कॉलेज प्रशासन ने उसे काम करने से रोका, तो वह हंगामा करने लगा. घटना से नाराज प्राचार्य समेत कॉलेज के सभी कर्मचारी परिसर में ही धरने पर बैठ गये. कॉलेज प्रशासन ने मामले की जानकारी कॉलेज गवर्निंग बॉडी (जीबी) और कोतवाली थाना को दी. इसके बाद कोतवाली थाना की पुलिस परवेज आलम को थाने ले गयी.

10.74 लाख रुपये की गड़बड़ी का आरोप

कॉलेज प्रशासन के अनुसार परवेज आलम इंटर काउंटर पर ड्यूटी करता था. उस पर 10 लाख 74 हजार रुपये की वित्तीय गड़बड़ी का आरोप है. कॉलेज मैनेजमेंट कमेटी ने उससे राशि का हिसाब मांगा था, लेकिन वह हिसाब देने से बचता रहा. इसके बाद कमेटी ने उसे निलंबित कर राशि जमा करने का निर्देश दिया. कमेटी ने यह भी कहा था कि राशि वापस नहीं करने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.

पांच सितंबर को किया गया था निलंबित

प्राचार्य परवेज अख्तर के अनुसार, परवेज आलम को पांच सितंबर को निलंबित किया गया था. निलंबन अवधि में उसे प्रतिदिन सुबह 11 बजे से 11.30 बजे तक कॉलेज आकर केवल हाजिरी बनाने का निर्देश दिया गया था. प्राचार्य ने बताया कि एक दिन परवेज आलम के अभिभावक के साथ बैठक भी की गयी थी. इसमें उसे पूरी राशि का हिसाब देने को कहा गया था. इसके बाद ही निलंबन समाप्त करने पर विचार करने की बात कही गयी थी.

प्राचार्य ने आरोप लगाया कि सोमवार को कॉलेज पहुंचने के बाद परवेज आलम ने स्टाफ इकबाल समेत अन्य कर्मियों के साथ बहस की और बदतमीजी करने लगा. इसके बाद कॉलेज के प्राचार्य और अन्य कर्मचारी धरने पर बैठ गये.

पहले भी निलंबन की बात

प्राचार्य परवेज अख्तर के अनुसार, परवेज आलम को इससे पहले भी परीक्षा विभाग में गड़बड़ी के आरोप में निलंबित किया गया था. सोमवार की घटना के बाद पुलिस उसे कोतवाली थाना ले गयी. मामले में कॉलेज प्रशासन की ओर से दी गयी शिकायत और आगे की कार्रवाई की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आयी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजीव कुमार

संजीव कुमार सिंह, वर्तमान में प्रभात खबर, रांची में विशेष संवाददाता के पद पर कार्यरत हैं. वह 14 वर्षों (2005 से 2019) तक प्रभात खबर रांची में मुख्य संवाददाता रहे हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 29 वर्षों का अनुभव है. लंबे पत्रकारिता जीवन में खोजी, विश्लेषणात्मक और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर अनेक महत्वपूर्ण रिपोर्टें प्रकाशित की हैं. प्रभात खबर द्वारा बेस्ट रिपोर्टर का अवार्ड भी दिया गया. इनकी विशेष पहचान झारखंड के उच्च शिक्षा तंत्र, विश्वविद्यालयों, प्रतियोगी परीक्षाओं, सरकारी नियुक्तियों व प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग के लिए रही है. झारखंड लोक सेवा आयोग के गठन के बाद सिविल सेवा, व्याख्याता, इंजीनियर, जैसी नियुक्तियों में गड़बड़ी को उजागर किया.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >