खलारी और आसपास के कोयलांचल क्षेत्रों में गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है. हालांकि पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप की मार झेल रहे लोगों ने बुधवार को कुदरत के दो अलग-अलग रंग देखे. सुबह होते ही सूरज के तल्ख तेवरों ने आसमान से आग बरसानी शुरू कर दी. जिससे बैशाख की गर्मी अपने चरम पर पहुंच गयी. चिलचिलाती धूप व गर्म हवाओं (लू) के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त नजर आया और दोपहर 12 बजते-बजते सड़कों पर सन्नाटा पसर गया. हालांकि, दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और खुले आसमान में काले बादलों के डेरा डालने से मौसम सुहावना हो गया. इस अचानक आये बदलाव से जहां तपिश से जूझ रहे लोगों ने राहत की सांस ली, वहीं जानकारों का मानना है कि तापमान में यह उतार-चढ़ाव स्वास्थ्य के लिए चुनौती भी बन सकता है.
अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की तादाद :
गर्मी के कारण स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है. खलारी, राय व लपरा पीएचसी सहित क्षेत्र के अन्य अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, लू और तेज बुखार के मरीज लगातार पहुंच रहे हैं. डॉ इशानी ने बताया कि गर्मी और फिर अचानक आये सुहावने मौसम के कारण संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे इस बदलते मौसम में खानपान का विशेष ध्यान रखें और दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचें.
बाजारों में सन्नाटा, शाम को लौटी रौनक :
दोपहर के समय लू और गर्मी के डर से केडी, डकरा और आसपास के बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा. दुकानदारों का कहना है कि चिलचिलाती धूप के कारण ग्राहक बाजारों से दूरी बना रहे हैं, जिससे व्यापार पर भी विपरीत असर पड़ा है. लोग गर्मी से बचने के लिए ठंडे पेय पदार्थों और फलों का सहारा ले रहे हैं. हालांकि, शाम को बादल छाने और मौसम ठंडा होने के बाद एक बार फिर बाजारों में रौनक लौट आयी और लोगों ने जरूरी सामानों की खरीदारी की.
गर्मी से अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की भीड़
29 खलारी 01, लपरा पीएचसी में मरीज की जांच करतीं डॉ इशानी.B
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.