Ranchi: आदिनिवास ऐप से देशभर के आदिवासियों को जोड़ने की पहल, CM हेमंत सोरेन ने किया लॉन्च

Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची में आदिनिवास ऐप लॉन्च किया. इस पहल का उद्देश्य देशभर के आदिवासी समुदाय को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से जोड़ना और उनकी पहचान को मजबूत करना है. पूरी खबर नीचे पढ़ें...

सुनील चौधरी
Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को ऑड्रे हाउस में आयोजित आदिनिवास ऐप के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने आदिनिवास डिजिटल ऐप का विधिवत शुभारंभ किया और इसकी पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिनिवास डिजिटल ऐप देशभर के आदिवासियों को एक सूत्र में जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने कहा कि यह ऐप आदिवासी संस्कृति, भाषा, भूमि, परंपरा और जीवनशैली के संरक्षण के साथ-साथ रोजगार और आर्थिक विकास के अवसरों को भी बढ़ावा देगा.

आदिवासी समाज का होगा सर्वांगिण विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ऐप आदिवासी समाज के युवा नितिन कुजूर ने तैयार किया है. उन्होंने विश्वास जताया कि यह डिजिटल प्लेटफॉर्म आदिवासी समुदाय के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगा. उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को अपनी पहचान पर गर्व करते हुए एकजुट होकर आगे बढ़ने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि बदलते दौर में डिजिटल प्लेटफॉर्म का महत्व तेजी से बढ़ा है. आज मोबाइल और डिजिटल तकनीक के माध्यम से लोग पलभर में पूरी दुनिया से जुड़ सकते हैं.

आदिवासी समाज को नयी तकनीक से जुड़ने की जरूरत

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी प्रतिभा, क्षमता और सोच को लाखों लोगों तक पहुंचाया जा सकता है. ऐसे समय में आदिवासी समाज के युवाओं को भी नयी तकनीक और नवाचार से जुड़ने की जरूरत है. मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज, संस्कृति और सभ्यता को बचाये रखते हुए आगे बढ़ना बड़ी चुनौती है. उन्होंने कहा कि नितिन कुजूर का यह प्रयास समाज को नयी दिशा देने का काम करेगा. राज्य सरकार युवाओं को बेहतर प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है.

झारखंड के युवाओं को बनाया जाएगा आत्मनिर्भर

उन्होंने बताया कि अब झारखंड के युवा राज्य में ही कमर्शियल पायलट की ट्रेनिंग ले सकेंगे. दुमका में पायलट ट्रेनिंग सेंटर स्थापित किया गया है. इस सेंटर में प्रशिक्षण लेने वाले आदिवासी युवाओं को राज्य सरकार की ओर से निःशुल्क सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी. उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है.

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक राजेश कच्छप, आदिनिवास ऐप के फाउंडर नितिन कुजूर, को-फाउंडर मनीष लकड़ा एवं किरण लकड़ा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे.

ये भी पढ़ें…

झारखंड पुलिस महकमे में बड़ा बदलाव: हाईकोर्ट के आदेश पर 9 DSP प्रमोट, 9 डिमोट

झारखंड प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव, अब जूनियर्स को नहीं मिलेगा सीनियर पदों का स्वतंत्र प्रभार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >