सत्यप्रकाश पाठक की रिपोर्ट
पिपरवार (रांची): पिपरवार थाना क्षेत्र के बनहे गांव में सर्पदंश से छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी. निर्माणाधीन इंदिरा आवास में फर्श पर सो रहे बच्चे को तड़के करैत सांप ने डंस लिया. बच्चे की तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उसे अस्पताल ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था में जुटे रहे, लेकिन आर्थिक परेशानी के कारण समय पर वाहन नहीं मिल सका. करीब दो घंटे की देरी से अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया.
फर्श पर सो रहे बच्चे को सांप ने डंसा
बनहे गांव के भुरकुंडवाटोला निवासी बालेश्वर गंझू का छह वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार गुरुवार तड़के करीब तीन बजे अपने परिवार के साथ निर्माणाधीन इंदिरा आवास में फर्श पर सोया हुआ था. इसी दौरान करैत सांप ने उसे डंस लिया. सांप के डंसने के बाद सत्यम की तबीयत बिगड़ने लगी. घटना के बाद ग्रामीणों ने सांप को पकड़ लिया.
ये भी पढ़ें- तमाड़ में एंटी स्नेक वेनम नहीं, एंबुलेंस भी खराब, सर्पदंश से महिला की मौत
वाहन की व्यवस्था में हुई देरी
परिजन सत्यम को इलाज के लिए बचरा अस्पताल ले जाना चाहते थे, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उसके पिता तत्काल वाहन की व्यवस्था नहीं कर सके. बाद में किचटो पंचायत की मुखिया संगीता देवी के पति अंगद महतो ने वाहन की व्यवस्था करायी. इसके बाद बच्चे को करीब दो घंटे की देरी से अस्पताल पहुंचाया गया.
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
परिजन बच्चे को बचरा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने तक सत्यम की मौत हो चुकी थी. बच्चे की मौत की पुष्टि होने के बाद पिपरवार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए चतरा भेज दिया. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है. वहीं, अंगद महतो ने प्रशासन से आपदा राहत कोष के तहत मृतक बच्चे के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है.
