भुवनेश्वर. सीवी रमन ग्लोबल यूनिवर्सिटी (सीजीयू), ओडिशा के आठ छात्र सितंबर में आयोजित होने वाले वर्ल्डस्किल शंघाई 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. ‘कौशल का ओलिंपिक’ माने जाने वाला 48वां अंतरराष्ट्रीय कौशल मुकाबला 22 से 27 सितंबर तक चीन के शंघाई में आयोजित होगा. प्रतियोगिता में 73 देशों के करीब 1400 प्रतिभागी 64 विभिन्न कौशल क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे.
सात कौशल क्षेत्रों में मुकाबला करेंगे सीजीयू के छात्र
सीजीयू के आठ छात्र प्रतियोगिता के सात कौशल क्षेत्रों में हिस्सा लेंगे. इनमें ग्राफिक डिजाइन टेक्नोलॉजी, पेटीसरी एंड कन्फेक्शनरी, रेस्तरां सर्विस, रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग, ऑटोनॉमस मोबाइल रोबोटिक्स, इंडस्ट्रियल कंट्रोल और वॉटर टेक्नोलॉजी शामिल हैं.
इन छात्रों के चयन से सीजीयू की तकनीकी और व्यावसायिक कौशल शिक्षा में भागीदारी को अंतरराष्ट्रीय मंच मिला है. शंघाई में होने वाली इस प्रतियोगिता में अलग-अलग देशों के प्रतिभागी अपने-अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे.
