Ranchi: रांची स्थित डीसी ऑफिस को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी दी गयी है. इसकी जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस गुरुवार को दिन करीब 12 बजे डीसी ऑफिस पहुंची. बम और डॉग स्क्वॉड की टीम को बुलाया गया. इस दौरान करीब चार बजे पूरे परिसर में चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गयी. हालांकि तलाशी के दौरान किसी तरह का संदिग्ध वस्तु नहीं मिला. इसके बाद पुलिस की टीम वापस लौट गयी. पुलिस के अनुसार डीसी ऑफिस से गोपनीय कार्यालय स्थित कंप्यूटर के सरकारी ई-मेल आईडी पर धमकी भरा मेल भेजा गया था.
आईपी एड्रेस नहीं निकाल पा रही पुलिस
ई-मेल में डीसी ऑफिस में बम प्लांट कर उड़ाने की धमकी दी गयी थी. पुलिस को आशंका है कि कोई जान बूझकर दूसरे को फंसाने की मंशा से मेल भेजकर बम से उड़ाने की धमकी दे रहा है. हालांकि पुलिस मेल भेजने वाले को आईपी एड्रेस के आधार पर ट्रेस नहीं कर पायी है. पुलिस को इस बात की आशंका है कि मास्क मेल आईडी के जरिये यह मेल भेजा जा रहा है. इस तकनीक के तहत ई-मेल पते को बदला जाता है और छिपाया भी जाता है. इसलिए इस तरीके से भेजे गये ई-मेल को तत्काल आईपी एड्रेस के जरिये ट्रैक करना पुलिस के लिए आसान नहीं होता है.
हालांकि पूर्व में भेजे गये मेल आईडी के आधार पर जब साइबर एक्सपर्ट के सहयोग से पुलिस ने इसे ट्रैक किया गया, तब आयरलैंड से मेल भेजे जाने की बात सामने आयी थी. दूसरे मामले में ही विदेश से मेल भेजने की जानकारी पुलिस को जांच के क्रम में मिली है.
रांची के कई दफ्तरों को उड़ाने की मिल चुकी है धमकी
11 फरवरी 2026 : डीसी ऑफिस के गोपनीय शाखा के सरकारी मेल आइडी पर पहली बार मेल भेजकर डीसी ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी दी गयी थी. यह धमकी दीनाकरण के नाम पर मेल भेजकर दी गयी थी. इसमें कहा गया था कि डीसी ऑफिस के दो मंजिल में सल्फर नाइट्रेट वाला आइइडी लगाया गया है. इसे 11.50 बजे ब्लास्ट करेंगे. बीडीडीएस भी असरदार नहीं होगा. मामले में कोतवाली थाना में 12 फरवरी को केस दर्ज हुआ था.
05 फरवरी 2026 : व्यवहार न्यायालय के रजिस्ट्रार को पहली बार मेल भेजकर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गयी थी. मेल अरुणडाले के नाम पर भेजा गया था. इसमें लिखा था कि कोर्ट बिल्डिंग में कई जगह आरडीएक्स और आइइडी लगाये गये हैं. यदि आइइडी एक्टिव नहीं होगा, तो आतंकियों के द्वारा कोर्ट बिल्डिंग में आतंकी धमाका कर बिल्डिंग को उड़ा दिया जायेगा. मामले में छह मार्च को केस दर्ज किया गया था. दूसरी बार 28 फरवरी और तीसरी बार 10 मार्च को बम से उड़ाने की धमकी दी गयी थी.
06 मार्च 2026: पासपोर्ट ऑफिस को मेल भेजकर जहरीले बम से ब्लास्ट कर उड़ाने की धमकी देने से संबंधित केस सुखदेवनगर थाना में दर्ज किया गया. यह धमकी नक्सलियों के नाम पर दी गयी थी. यह मेल आरना अश्विन शेखर के नाम के मेल आइडी से भेजा गया था.
ये भी पढ़ें…
झारखंड सरकार अब AI और डेटा साइंस से चलायेगी सत्ता, CM हेमंत सोरेन ने लॉन्च किया ‘CM-DIP’ प्लेटफॉर्म
Ranchi: रामनवमी के बीच बोर्ड परीक्षा, पुलिस प्रशासन अलर्ट; छात्रों की सुविधा प्राथमिकता
