बेड़ो : नरकोपी थाना क्षेत्र के डोरंडा गांव स्थित पीपर टोली में रविवार सुबह एक कुएं में 50 वर्षीय महिला का शव तैरता मिला. मृतका की पहचान संजीदा खातून, पति मुस्तकीम अंसारी, निवासी पीपर टोली के रूप में हुई है.सूचना मिलने पर नरकोपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया.
शौच के लिए घर से निकली थीं घर से, कुएं से मिला शव
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया है. परिजनों ने बताया कि संजीदा खातून मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं. रविवार की अहले सुबह वह संभवतः शौच के लिए घर से निकली थीं और इसी दौरा हादसा हुआ.नरकोपी थाना प्रभारी शैलेंद्र टुडू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्म हात्य या दुर्घटना प्रतीत हो रहा है. हालांकि महिला के मानसिक रूप से बीमार होने की बात भी सामने आई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस मामले की हर बिंदु पर जांच कर रही है.
