सतीष सिंह
Ranchi: झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर 18 जून को होने वाले चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गयी है. प्रदेश भाजपा एक बार फिर अपने निवर्तमान राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश पर दांव लगा सकती है. पार्टी के अंदरखाने से मिल रहे संकेतों के अनुसार, सांसद श्री प्रकाश का नाम आगे चल रहा है. हाल ही में हुई भाजपा प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में प्रत्याशियों के नाम को लेकर चर्चा हुई थी. पार्टी लंबे समय से संगठन में काम कर रहे नेताओं के नाम पर भी सहमति बना सकती है. प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद-विधायक रहे रवींद्र राय को पार्टी मौका दे सकती है.
प्रत्याशियों के नाम पर अंतिम मुहर लगने का इंतजार
पार्टी के ये चेहरे कई दशकों से संगठन का कामकाज संभाल रहे हैं. इधर, चुनाव समिति ने प्रत्याशी के नाम पर अंतिम मुहर लगाने और केंद्रीय नेतृत्व को भेजने के लिए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह को अधिकृत किया है. पार्टी के अंदर हाल के दिनों में सांसद श्री प्रकाश का ग्राफ बढ़ा है. केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें बिहार का सह-प्रभारी नियुक्त किया था. बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी की बड़ी जीत में उनकी संगठनात्मक कुशलता और अहम भूमिका रही.
इंडिया गठबंधन का पलड़ा भारी
झारखंड में राज्यसभा की दो सीटें खाली हो रही हैं. इनमें से एक सीट झामुमो के कद्दावर नेता शिबू सोरेन के निधन के बाद खाली हुई है, जबकि दूसरी सीट दीपक प्रकाश का कार्यकाल समाप्त होने से रिक्त होने वाला है. मौजूदा विधानसभा के आंकड़ों के अनुसार, राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए प्रथम वरीयता के कम से कम 28 वोटों की आवश्यकता है. 56 विधायकों वाले सत्तारूढ़ इंडिया गठबंधन के पास दोनों सीटें जीतने का पर्याप्त संख्या बल है. झामुमो के अकेले 34 विधायक होने के कारण उसकी एक सीट पर जीत पूरी तरह तय मानी जा रही है.
असंतुष्ट विधायकों पर भाजपा की नजरें
हालांकि, दूसरी सीट पर फतह हासिल करने के लिए पूरे गठबंधन को एकजुट रहना होगा. दूसरी ओर, 24 विधायकों वाले एनडीए खेमे की सीटें संख्या बल के हिसाब से कम हैं. ऐसे में भाजपा और सहयोगी दलों की नजरें सत्तारूढ़ गठबंधन के नाराज और असंतुष्ट विधायकों पर टिकी हैं, ताकि किसी भी तरह का उलटफेर किया जा सके.
विधानसभा की मौजूदा दलीय स्थिति
इंडिया गठबंधन (कुल 56) : झामुमो – 34, कांग्रेस – 16, राजद – 04, माले – 02
एनडीए (कुल 24) : भाजपा – 21, आजसू – 01, जदयू – 01, एलजेपी – 01
अन्य (01) : जेएलकेएम – 01.
ये भी पढ़ें…
झारखंड में महाराष्ट्र पुलिस की बड़ी रेड, करोड़ों की अफीम के साथ होटल मालिक को ले गई टीम
बाबूलाल मरांडी पर FIR दर्ज कराएंगे स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, आरोपों को बताया निराधार
