रांची: झारखंड भाजपा का आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 19 अगस्त को दिल्ली जायेगा. प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार मुलाकात करेगा. इस दौरान झारखंड से जुड़े कई महत्वपूर्ण राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.
बैठक में केंद्र सरकार द्वारा पारित MMDR संशोधन अधिनियम के अलावा राज्य में जारी छात्र आंदोलन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जायेगा. भाजपा नेता इन मुद्दों पर केंद्रीय नेतृत्व को राज्य की मौजूदा स्थिति से अवगत करायेंगे.
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू और पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल रहेंगे. नेताओं की ओर से झारखंड के वर्तमान राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों की जानकारी केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष रखी जायेगी.
बताया गया कि दिल्ली दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल राज्य से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी केंद्रीय नेतृत्व का ध्यान आकृष्ट करा सकता है. खासकर MMDR संशोधन अधिनियम और छात्र आंदोलन को लेकर पार्टी की ओर से अपना पक्ष रखा जायेगा.
