रांची से राजेश कुमार झा की रिपोर्ट
Ranchi News: झारखंड के रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर हवाई यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द ही ‘उड़ान यात्री कैफे’ की शुरुआत की जाएगी. इस पहल के तहत यात्रियों को कम दरों पर चाय, नाश्ता और पानी की बोतल जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उनकी यात्रा और सुविधाजनक और किफायती हो सके.
यात्रियों को मिलेगा फायदा
एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि यह योजना पहले ही देश के 17 प्रमुख एयरपोर्ट पर सफलतापूर्वक लागू की जा चुकी है और अब इसे रांची में भी शुरू करने की योजना है. इसके लिए जगह चिह्नित किया गया है. एयरपोर्ट ऑथिरिटी के निर्देश के बाद रांची में भी इसे शुरू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस कैफे का उद्देश्य हवाई यात्रियों को महंगे खानपान से राहत दिलाना और उन्हें सही कीमत पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देना है. इस पहल से खासकर आम यात्रियों और मध्यम वर्ग को काफी लाभ मिलने की उम्मीद है.
कई शहरों में पहले से है योजना
मालूम हो कि पिछले दिनों जम्मू, चंडीगढ़, अमृतसर, वाराणसी, पटना, कोलकाता, अगरतला, भुवनेश्वर, विजयवाड़ा, चेन्नई, कोयंबटूर, पुणे, सूरत, राजकोट, अमृतसर में उड़ान यात्री कैफे की शुरूआत केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने शुरू किया था. जिसके तहत 10 रुपये में चाय, 20 रुपये में समोसा और 10 रुपये में पानी की बोतल मिल रही है.
यह भी पढ़ें: चतरा में दर्दनाक हादसा: नवादा गांव में कुएं में गिरने से महिला की मौत, पटवन के दौरान फिसला था पैर
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में गैंगवार की आहट: धातकीडीह के गामा होटल पर ताबड़तोड़ फायरिंग, भाग रहे दो हमलावर गिरफ्तार
