CID की बंद लिफाफे वाली रिपोर्ट पर कांग्रेस ने बाबूलाल को घेरा, कहा- यह स्थापित न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा

कांग्रेस ने बाबूलाल मरांडी के CID रिपोर्ट पर उठाए सवालों को उनकी हताशा और अज्ञानता बताया है. नेता प्रतिपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए पार्टी ने हेमंत सोरेन सरकार की पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच प्रक्रिया पर जोर दिया है.

रांची. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बयान पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी हताशा और बौखलाहट में बयानबाजी कर रहे हैं. हेमंत सोरेन सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर और संवेदनशील है.

शाहदेव ने कहा कि सीआइडी द्वारा जांच रिपोर्ट बंद लिफाफे में सौंपना स्थापित कानूनी और न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा है, ताकि जांच प्रभावित न हो. इसे डर या चूहे-बिल्ली का खेल बताना उनकी अज्ञानता या जनता को भ्रमित करने का प्रयास है. उन्होंने दावा किया कि सीआइडी निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जांच कर रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा.

राज्य की जांच एजेंसियों पर भरोसा रखने की अपील

कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा को राज्य की जांच एजेंसियों पर भरोसा रखना चाहिये. उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर केंद्रीय जांच एजेंसियों के कथित राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए कहा कि पूरा देश इसे देख रहा है. इसी वजह से भाजपा नेता हर मामले में सीबीआइ जांच की मांग करते हैं.

नियुक्तियों में पारदर्शिता का दावा

शाहदेव ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार ने पारदर्शी तरीके से नियुक्तियां दी हैं और गड़बड़ी की आशंका होने पर कार्रवाई भी की है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता अपनी खोई राजनीतिक जमीन तलाशने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vivek chandra

झारखंड में पिछले दो दशक से अधिक समय से पत्रकारिता से जुड़े हैं. पत्रकारिता का ककहरा प्रसिद्ध पत्रकार और राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश से सीखा है. सम सामयिक विषयों पर कई रिपोर्ट राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित रही हैं.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >