Ranchi Sadar Hospital News: रांची के सदर अस्पताल में सोमवार को एक महिला मरीज के साथ आये परिजनों ने सेंट्रल कंसोल रूम में कार्यरत एक्स-रे टेक्नीशियन को स्वास्थ्य मंत्री के नाम पर धमकी दी. इसके बाद बाहर से 10-15 लोगों को बुलवाकर एक्स-रे टेक्नीशियन माधव राज भंडारी की जमकर पिटाई कर दी. मारपीट में उनके एक हाथ में फ्रैक्चर हो गया. आंखों और चेहरे पर भी गंभीर चोटें आयीं. दाहिने हाथ की उंगलियों में चोट लगने पर आर्थो विभाग में प्लास्टर कराया गया.
आठ स्टाफ ने थाने में की शिकायत
मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से एक्स-रे टेक्नीशियन जलेश्वर महतो, दिनेश पाठक, ज्योति कच्छप सहित आठ स्टाफ ने लोअर बाजार थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी. उन्होंने बताया कि मरीज का एक्स-रे करने की बात कही गयी थी, इसके बावजूद परिजनों ने हमला किया. हंगामा होने पर वे गाड़ी से मरीज को लेकर फरार हो गये. अस्पताल के एक्स-रे कैसेट सहित अन्य उपकरणों को नुकसान पहुंचाने की बात कही गयी है. घटना के बाद से मेडिकल स्टाफ डरे-सहमे हैं. जानकारी के अनुसार घटना के बाद दोनों पक्षों ने थाने में लिखित शिकायत दी. दूसरे पक्ष ने अस्पताल कर्मियों पर छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया.
ये भी पढ़ें: रांची में सियासी घमासान शुरूः विधानसभा पहुंचे देवेंद्र महतो, जगन्नाथपुर मंदिर के पास 3 लेयर बैरिकेडिंग
ये भी पढ़ें: संविदा की सेवा जोड़ कर पेंशन देने के मामले में शिक्षा विभाग गयी हाइकोर्ट
क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार सदर अस्पताल में लातेहार से एक महिला इलाज कराने आयी थी. डॉक्टर ने उसे एक्स-रे कराने को कहा था. टेक्निकल स्टाफ ने बताया कि यह एक्स-रे खाली पेट होना था. इसके बाद मरीज सोमवार सुबह 10:30 बजे अस्पताल पहुंची. भीड़ रहने के कारण कंसोल रूम में जाकर उसने फौरन एक्स-रे कराने की जिद की. सपोर्टिंग स्टाफ ने कपड़े बदलने को कहा, जिसे उसने नहीं माना. एक्स-रे फिल्म देने के दौरान महिला और उसका पति देरी को लेकर बहस करने लगे. समझाने पर वे चले गये. आधे घंटे बाद 10-12 युवक अचानक कंसोल रूम में घुस आये और स्टाफ पर हमला कर दिया.
ये भी पढ़ें- हाईकोर्ट ने आदेश के अनुपालन में अवमानना याचिका पर की सुनवाई, पलामू के उपायुक्त को हाजिर होने का निर्देश
