Ranchi news : सेना ने विश्व में भारत का मस्तक ऊंचा किया, आतंकवाद के खिलाफ हम सरकार के साथ हैं : कांग्रेस

कांग्रेस भवन से अलबर्ट एक्का चौक तक तिरंगा यात्रा निकाली गयी, मंत्री-विधायक हुए शामिल.

रांची. प्रदेश कांग्रेस ने आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन सिंदूर के समर्थन और सैन्य बलों का मनोबल बढ़ाने के लिए शुक्रवार को तिरंगा यात्रा निकाली. कांग्रेस भवन से अलबर्ट एक्का चौक तक यात्रा निकाली गयी. मौके पर प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि भारतीय सेना ने पूरे विश्व में भारत का मस्तक ऊंचा किया है. हमें सेना पर गर्व है. आतंकवाद को नेस्तनाबूद करने में हम सरकार के हर निर्णय के साथ हैं.

आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया

श्री कमलेश ने कहा कि पहलगाम में 26 निर्दोष नागरिकों की हत्या का बदला लेने के लिए सैनिकों ने पाकिस्तान के अंदर स्थित आतंकी ठिकानों को जिस तरह ध्वस्त किया है, वह अनुकरणीय है. आतंकवाद को सहारा देने वाले देश या व्यक्ति के खिलाफ किसी भी तरह की सैन्य कार्रवाई के हम समर्थक हैं. श्री कमलेश ने कहा कि पूरे देश की जनता सेना के साथ खड़ी है. भारतीय सेना ने आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था. लेकिन, पाकिस्तान ने नागरिक इलाकों पर हमला किया है.

सेना के साथ पूरा देश खड़ा है : दीपिका

ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा सैनिकों का साथ और समर्थन देने के लिए निकली गयी है. यह सैनिकों को सम्मान देने का माध्यम है. सेना के साथ पूरा देश खड़ा है. जिन सैनिकों या आम नागरिकों की शहादत हो गयी है, हम उन्हें नमन करते हैं. वह सैनिक बधाई के पात्र हैं, जो तमाम खतरों के बावजूद दृढ़ता के साथ खड़े हैं. स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि हम देश और सेना के साथ हैं. बिना किसी भेदभाव के कांग्रेस हमेशा से देश की जनता के साथ खड़ी रही है. देश के सम्मान में सेना के मनोबल को ऊंचा रखने के लिए हमने यह तिरंगा यात्रा निकाली है. हम चाहते हैं कि आतंकवाद और आतंकवादी समाप्त हो.

सेना की कार्रवाई से देशवासियों में उत्साह : डॉ रामेश्वर

विधायक डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि भारतीय सेना की कार्रवाई से देशवासियों के बीच उत्साह का माहौल है. यह तिरंगा यात्रा सेना के साथ अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए है. भारतीय सेना ने हमेशा से अपने शौर्य और साहस से पूरी दुनिया में अपनी एक पहचान कायम की है. इस नाजुक मौके पर देश का हर नागरिक सेना के साथ खड़ा है. कार्यक्रम में विधायक ममता देवी, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, कुमार राजा, डॉ राकेश किरण महतो, प्रदीप कुमार बलमुचु, जयशंकर पाठक, संजय लाल पासवान, राजीव रंजन प्रसाद, शमशेर आलम ज्योति मथारू, राकेश सिन्हा, अमूल्य नीरज खलको, सुरेंद्र सिंह, विनय सिन्हा दीपू, राजेश गुप्ता, आलोक दुबे, किशोर शाहदेव, अमरेंद्र सिंह, सोनाल शांति, कमल ठाकुर, एम तौसीफ, यशस्विनी सहाय सहित कई नेता शामिल हुए.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajiv kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >