रांची से आनंद मोहन की रिपोर्ट
Amrit Bharat Station Jharkhand, रांची : झारखंड के रेल यात्रियों के लिए एक सुखद खबर सामने आई है. राज्य के मुरी और पिस्का रेलवे स्टेशनों को 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत आधुनिक सुविधाओं से लैस कर पुनर्विकसित किया गया है. ये दोनों स्टेशन देश के उन चुनिंदा 75 स्टेशनों में शामिल हो गए हैं, जिनका हाल ही में कायाकल्प किया गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के जालंधर कैंट से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के इन सभी पुनर्विकसित स्टेशनों का ऑनलाइन लोकार्पण किया. इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए पिस्का स्टेशन पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया था.
राज्यपाल ने बताया ऐतिहासिक पहल
पिस्का स्टेशन पर आयोजित इस गरिमामयी समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उनके अलावा राज्य के मंत्री दीपक बिरुआ, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल और दक्षिण-पूर्वी रेलवे के जीएम अनिल कुमार जैन सहित कई वरीय अधिकारी और भारी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे. इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना केवल स्टेशनों को सुंदर बनाने की योजना नहीं है, बल्कि यह देश को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था देने की दिशा में एक बड़ी पहल है. उन्होंने भारत की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन के शुभारंभ को भी देश के लिए स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया.
ये भी पढ़ें: जमीन विवाद में बुजुर्ग दंपति पर जानलेवा हमला, पत्नी की मौत, वारदात के लिए डायन-बिसाही को बनाया हथियार
सांसद महुआ माजी ने जताई निजीकरण पर चिंता
समारोह को संबोधित करते हुए राज्य के मंत्री दीपक बिरुआ ने कहा कि झारखंड हमेशा विकास के प्रति सकारात्मक सोच रखता है. उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर ही झारखंड का सर्वांगीण विकास कर सकती हैं और मुख्यमंत्री भी यही चाहते हैं कि राज्य की तरक्की के लिए मिलकर प्रयास किए जाएं. वहीं दूसरी ओर, राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने रेलवे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रेलवे हमारे देश की लाइफलाइन है और इसका निजीकरण एयरपोर्ट की तरह नहीं होना चाहिए, क्योंकि गरीब से गरीब व्यक्ति भी रेल से ही सफर करता है. उन्होंने केंद्र की नीतियों पर चर्चा करते हुए राज्य में आगामी दिनों में अन्य रेलवे स्टेशनों की भी सुविधाएं बढ़ाने की मांग की.
मोदी राज में बुनियादी ढांचे का हुआ अभूतपूर्व विकास: नवीन जायसवाल
समारोह में मौजूद भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद से देश के बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) में क्रांतिकारी बदलाव आया है. उन्होंने बताया कि रांची, हटिया और पिस्का-नगड़ी स्टेशनों के विकास के लिए लगभग आठ सौ करोड़ रुपये की विशाल योजना पर काम चल रहा है. केंद्र सरकार के सहयोग से झारखंड में रेलवे, नेशनल हाईवे और एयरपोर्ट के क्षेत्र में बड़े और ऐतिहासिक काम हो रहे हैं. इस शानदार लोकार्पण समारोह के दौरान स्थानीय स्कूली बच्चों ने बेहद खूबसूरत सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए, जिसने वहां मौजूद दर्शकों का मन मोह लिया.
ये भी पढ़ें: धनबाद के पाथरडीह में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, तीन आरोपी गिरफ्तार
