झारखंड बंद : बंद समर्थकों ने बस में लगाई आग, धनबाद में एनएच-2 जाम, राजधानी एक्सप्रेस में पथराव
रांची :स्थानीय नीति के विरोध में झारखंड बंद का आज मिला जुला असर दिख रहा है. कोल्हान में अहले सुबह बंद समर्थकों ने बस में आग लगा दी. बताया जा रहा है कि इस बस से पंचायत प्रतिनिधि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में भाग लेने जाने वाले थे.जमशेदपुर में झामुमो के प्रदर्शन में शामिल […]
रांची :स्थानीय नीति के विरोध में झारखंड बंद का आज मिला जुला असर दिख रहा है. कोल्हान में अहले सुबह बंद समर्थकों ने बस में आग लगा दी. बताया जा रहा है कि इस बस से पंचायत प्रतिनिधि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में भाग लेने जाने वाले थे.जमशेदपुर में झामुमो के प्रदर्शन में शामिल 11 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया. यहां कई जगहों पर चक्का जाम कर दिया गया है जिससे जनजीवन प्रभावित है. वहीं, बंद समर्थकों ने कई वाहनों के टायर के हवा को खोल दिया जिससे राहगीरों को परेशानी हुई. वहीं मुरी स्टेशन में राजधानी एक्सप्रेस में पथराव की भी खबरें आयी.
जमशेदपुर के पोटका में अलग-अलग जगहो मे बंदी के दौरान एक बस सहित दो गाड़ियां जला दी गई है. वहीं तिरीलडीह के पास सड़क जाम की खबर है. कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है. बरवाअडडा में स्थानीय नीति के विरोध में मूलवासी आदिवासी स्थानीय युवकों ने जीटी रोड़ को जाम कर दिया है. जमशेदपुर में बंद समर्थकों ने एक टैंकर को भी जला दिया है.
इधर, पूरे रांची शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है. जमशेदपुर, रांची, कोल्हान, बोकारो, धनबाद समेत राज्य के कई शहरों में प्रदर्शन की खबरें आ रही हैं.उधर आज सुबह ही धनबाद के एनएच-2 को आदिवासी मूलवासी संघ ने जाम किया. बोकारो में बंद समर्थकों ने धनबाद-पुरुलिया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. इस वजह से पीएम के कार्यक्रम में शामिल होने जा रही पंचायत प्रतिनिधियों की कई बसें जाम में फंस गई हैं.
विभिन्न मांगों को लेकर आदिवासी-मूलवासी मंच द्वारा आहूत झारखंड बंद को लेकर जिला प्रशासन मुस्तैद है. एक सौ से अधिक मजिस्ट्रेट व लगभग 2000 से अधिक पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है. पूरे सदर अनुमंडल में निषेधाज्ञा लागू कर दी गयी है. वहीं, एक कंपोजिट कंट्रोल रूम बनाया गया है.
इधर, झारखंड प्रदेश डीजल ऑटो चालक महासंघ ने भी बंद का समर्थन किया है. महांसघ के अध्यक्ष दिनेश सोनी ने कहा कि ऑटो चालक ऑटो लेकर नहीं निकलें.बंद के दौरान हुड़दंगियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन नेपुरजोर तैयारी की है.एक वज्र वाहन, एक वाटर कैनन, एक फायर ब्रिगेड, रबर बुलेट व आंसू गैस भी रखे गये हैं. इसके लिए पुलिस केंद्र से पांच पदाधिकारियों को तैनात भी कर दिया गया है.
बिरसा मुंडा स्टेडियम में बना है कैंप जेल : मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में कैंप जेल बनाया गया है. शांति भंग करनेवाले गिरफ्तार किये जायेंगे.
सीसीटीवी से भी निगरानी : रांची एसएसपी कुलदीप द्विवेदी ने सभी थानेदारों को निर्देश दिया है कि वे बंद समर्थकों को देखते ही हिरासत में लें. उन पर निगरानी रखने के लिए कुछ स्थानों पर सीसीटीवी लगाये गये हैं. अलग से वीडियो रिकॉडिंग की भी व्यवस्था है. कई स्थानाें पर सादे लिबास में पुलिसकर्मी भी तैनात किये गये हैं.
बंद को कई संगठनों का समर्थन
रांची. आदिवासी मूलवासी जनाधिकार मंच व कई आदिवासी मूलवासी संगठनों ने 24 अप्रैल के झारखंड बंद की पूर्व संध्या पर मशाल जुलूस निकाला़ इस मौके पर अलबर्ट एक्का चौक में मुख्य संयोजक राजू महतो ने कहा कि 24 का झारखंड बंद ऐतिहासिक होगा और इसके माध्यम से राज्य के आदिवासी व मूलवासी स्थानीयता नीति को खारिज करेंगे़ उन्होंने बताया कि बंद को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, मार्क्सवादी समन्वय समिति ने भी समर्थन दिया है़ जेएमएम व कांग्रेस (बलमुचू) ने कोल्हान में समर्थन दिया है़ इधर, आदिवासी छात्र संघ व आदिवासी सरना महासभा ने भी बंद को नैतिक समर्थन दिया है़ सभा में आजम अहमद, अनथन लकड़ा शीतल ओहदार ने भी विचार रखे़.