केंद्र सरकार के दबाव में हडबडी में रास उपचुनाव कराया गया : हेमंत सोरेन

रांची : झारखंड में आज राज्यसभा की एक सीट के लिए हुए उपचुनाव में मतदाता सूची में गडबडी का जिक्र करते हुए विधानसभा में विपक्ष के नेता झारखंड मुक्ति मोर्चा के हेमंत सोरेन ने आरोप लगाया कि वास्तव में राज्यसभा की एक सीट के लिए उपचुनाव चुनाव आयोग केंद्र सरकार के दबाव में हडबडी में […]

By Prabhat Khabar Print Desk | July 2, 2015 5:23 PM
रांची : झारखंड में आज राज्यसभा की एक सीट के लिए हुए उपचुनाव में मतदाता सूची में गडबडी का जिक्र करते हुए विधानसभा में विपक्ष के नेता झारखंड मुक्ति मोर्चा के हेमंत सोरेन ने आरोप लगाया कि वास्तव में राज्यसभा की एक सीट के लिए उपचुनाव चुनाव आयोग केंद्र सरकार के दबाव में हडबडी में करवा रहा है. झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पत्रकारों से कहा कि आज यहां विधानसभा परिसर में राज्यसभा की एक सीट के लिए हुए उपचुनाव में जो आधिकारिक मतदाता सूची उनकी पार्टी को दी गयी जिसमें कई गडबडियां थीं. उन्होंने दावा किया कि भाजपा विधायक राजकुमार पाहन को मतदाता सूची में झामुमो का विधायक दिखाया गया है.
सोरेन ने कहा कि इस गडबडी की लिखित सूचना उन्होंने आज फैक्स करके चुनाव आयोग को दोपहर डेढ बजे भेजी और उसके जवाब का इंतजार करते हुए मतदान में हिस्सा नहीं लिया. लेकिन चुनाव आयोग से तत्काल कोई जवाब न आने पर दोपहर लगभग पौने तीन बजे हेमंत सोरेन और उनकी पार्टी के 18 अन्य विधायकों ने अपना मतदान किया. उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड विकास मोर्चा(प्र) के भी पार्टी से अलग होकर भाजपा में शामिल हुए छह विधायकों के बारे में जब अब तक विधानसभाध्यक्ष ने कोई अंतिम निर्णय नहीं किया है तो कैसे उन्हें मतदाता सूची में भाजपा का बताया गया. इस बारे में भी उन्होंने चुनाव आयोग से आपत्ति जतायी है. सोरेन ने आरोप लगाया कि वास्तव में केंद्र सरकार के दबाव में केंद्रीय चुनाव आयोग यह फैसले कर रहा है, जिससे येनकेन प्रकारेण जल्दी जल्दी विभिन्न राज्यसभा सीटों पर चुनाव कराकर राज्यसभा में भाजपा की सीटें बढायी जा सकें. उन्होंने कहा कि इस तरह की मतदाता सूची से मतदाताओं में भ्रम की स्थिति भी है.
इस बीच, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत ने भी पत्रकारों से बातचीत करते हुए मतदाता सूची में गडबडी का मामला उठाया और कहा कि इस बात से स्पष्ट है कि बिना पूरी तैयारी के चुनाव आयोग ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए आज मतदात करवाया. इससे पहले झारखंड में राज्यसभा की एक सीट के लिए हुए उपचुनाव में आज सुबह नौ बजे से विधानसभा परिसर में मतदान हुआ. मतदान का समय शाम चार बजे तक समाप्त होने पर कुल 78 विधायकों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया. दलगत स्थिति देखते हुए विपक्षी झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार पूर्व मंत्री हाजी हुसैन अंसारी के मुकाबले वरिष्ठ पत्रकार भाजपा के उम्मीदवार एमजे अकबर का जीतना लगभग सुनिश्चित माना जा रहा है. विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल में बंद दो निर्दलीय विधायकों एनोस एक्का और भानु प्रताप शाही ने मतदान नहीं किया.
भाजपा के नेता और रास चुनाव में पार्टी अभिकर्ता अनंत ओझा ने बताया कि उनकी पार्टी के सभी 43 और सहयोगी आल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन के चार विधायकों ने मतदान किया.
झारखंड विधानसभा के सचिव और राज्यसभा चुनावों के निर्वाचन अधिकारी सुशील सिंह ने बताया कि राज्यसभा की एक मात्र सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में मतदान सुबह नौ बजे से प्रारंभ हुआ जो शाम चार बजे तक समाप्त हो गया.
उन्होंने बताया कि आज शाम पांच बजे से मतगणना का कार्य किया जायेगा और शाम तक चुनाव परिणाम भी आ जाने की संभावना है. झारखंड विधानसभा में 82 सदस्यों में अभी 43 विधायक भाजपा के, आल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन के पांच, झामुमो के 19, एक मनोनीत तथा अन्य 14 विधायक कांग्रेस, झारखंड विकास मोर्चा एवं छोटे दलों के हैं.

Next Article

Exit mobile version