इटकी : गढ़गांव चुंका टुंगरी टोली में शुक्रवार की रात हुई गीता देवी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. जानकारी के अनुसार पुलिस ने मुख्य आरोपी व एक महिला सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इनसे गहन पूछताछ की जा रही है. हालांकि इनकी गिरफ्तारी की पुष्टि पुलिस द्वारा अधिकृत रूप से नहीं की गयी है.
पुलिस द्वारा मामले का खुलासा सोमवार को किये जाने की संभावना है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गीता देवी की हत्या गांव की ही एक महिला द्वारा सुपारी देकर करायी गयी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रारंभिक सूचना के अनुसार महिला की हत्या गोली मार कर व चाकू से गोद कर की गयी है. दुष्कर्म की संभावना को खारिज किया गया है.
इधर, पोस्टमार्टम के बाद गीता देवी का शव उसके पति सत्येंद्र यादव को सौंप दिया गया. घटना के संबंध में मृतका की पुत्री खुशबू कुमारी के बयान पर मामला दर्ज किया गया है.
