रांची : जिला बार एसोसिएशन की विजिलेंस कमेटी की बैठक गुरुवार को नये बार भवन के लाइब्रेरी में हुई. अध्यक्षता अरविंद कुमार सिंह ने की. बैठक में निगरानी समिति के पांचों सदस्य अरविंद कुमार सिंह, सुनील पांडेय, विद्या चंद्र झा, सुनील कुमार एवं मुकेश कुमार केसरी मौजूद थे़ निर्णय लिया गया कि बगैर वेलफेयर स्टांप चिपकाये शपथ पत्र नहीं बनायी जाये़ इसको लेकर 10 जनवरी को नोटरी पब्लिक के साथ बैठक होगी.
सभी नन-प्रैक्टिशनर अधिवक्ता जो वकालत छोड़कर अन्य व्यावसायिक कार्य कर रहे हैं और अधिवक्ता होने का लाभ लेते आ रहे हैं, उन्हें चिह्नित कर अविलंब उनकी सूची स्टेट बार काउंसिल को भेजी जायेगी. यह भी निर्णय लिया गया कि बार एसोसिएशन परिसर में अधिवक्ता के स्थान पर जो भी मुंशी या अन्य लोग कब्जा किये हुए हैं, उनकी भी पहचान कर तुरंत उनके स्थान पर नये अधिवक्ता को स्थान आवंटन के लिए प्रस्ताव बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं महासचिव को भेजा जायेगा़
