रांची : नये साल के पहले दिन सीसीएल के सीएमडी गोपाल सिंह ने प्रेसवार्ता में कहा कि कंपनी मुख्यालय में स्थित केंद्रीय अस्पताल, गांधीनगर आयुष्मान भारत से जुड़ेगा. इससे यहां आयुष्मान कार्डधारी आम लोगों का इलाज भी हो सकेगा. इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.
यह भी कहा कि नये साल में कंपनी नये संकल्प के साथ काम करेगी. कंपनी उत्पादन के साथ-साथ सामाजिक कार्यों को प्राथमिकता देगी. कंपनी पिछले कई वर्षों से बच्चों का भविष्य सुधारने के लिए काम कर रही है. बच्चों का भविष्य सुधरे, इसलिए कंपनी अधिक से अधिक कोयले का उत्पादन करना चाहती है. ज्यादा से ज्यादा उत्पादन कर कंपनी अधिक से अधिक सामाजिक कार्य कर पायेगी.
श्री सिंह ने कहा कि कंपनी कायाकल्प प्ले और पब्लिक स्कूल चला रही है. यहां ऐसे बच्चे पढ़ रहे हैं, जो पैसा देकर पढ़ाई करने में सक्षम नहीं थे. सीसीएल द्वारा संचालित आठ जिलों के 59 स्कूलों में 35 हजार बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं.
खेल अकादमी में 437 बच्चे प्रशिक्षण ले रहे हैं. इनको अब तक 650 से अधिक मेडल मिल चुके हैं. सीसीएल के लाल-लाडली स्कीम के तहत कमांड एरिया के मेधावी बच्चों को नि:शुल्क इंजीनियरिंग की तैयारी करायी जा रही है. आइटीआइ और मल्टी स्किल डेवलपमेंट सेंटर से ट्रेनिंग लेकर बच्चों को रोजगार मिल रहा है.
सीएमडी श्री सिंह ने कहा कि 2012-13 में सीसीएल 48 मिलियन टन के आसपास कोयले का उत्पादन कर रहा था. अभी कंपनी 75 से 77 मिलियन टन कोयला उत्पादन के आसपास पहुंच गयी है. 2021-22 में कंपनी 100 मिलियन टन उत्पादन करेगी.
उत्पादन उस स्थिति में हो रहा है, जब पुरानी खदानें बंद होती जा रही हैं. नये खदान खोले जा रहे हैं. यही कंपनी की उम्मीद है. यह भी बताया कि कंपनी कथारा, भुरकुंडा और एनके में एक-एक स्पोर्ट्स सेंटर खोलने जा रही है. यहां आसपास के कमांड एरिया के बच्चों को खेल का प्रशिक्षण दिया जायेगा. अभी कंपनी की 275 ग्रामीण फुटबॉल टीम संचालित है.
इन केंद्रों में कई तरह के खेलों का प्रशिक्षण अच्छे कोच के माध्यम से दिये जायेंगे. श्री सिंह ने कहा कि खुली खदानों के पानी का उपयोग किया जायेगा. इसके लिए 85 खुली खदानों को चिह्नित किया गया है. इससे करीब 25 बिलियन गैलेन पानी का उपयोग किया जा सकता है. अभी कंपनी करीब 74 गांवों को पानी दे रही है.
कंपनी का म्यूजिकल फाउंटेन चलेगा लेजर शो के साथ : सीसीएल के नवनिर्मित भवन के साथ म्यूजिकल फाउंटेन बनाया गया है. नये भवन में 600 लोगों के बैठने की व्यवस्था है. इसमें दो बोर्ड रूम और छह मीटिंग हॉल हैं. यहां 4200 वर्गमीटर में म्यूजिकल फाउंटेन लगाया गया है. साथ ही लेजर शो की भी व्यवस्था की गयी है.
दक्षता से काम करने की जरूरत
रांची. सीएमपीडीआइ के सीएमडी शेखर सरन ने कहा कि कुशल एवं दक्ष कार्यप्रणाली से संस्थान के कार्यकलाप को निष्पादित करने की जरूरत है. पिछले कई वर्षों से कंपनी अच्छा काम कर रही है. शुद्ध बिक्री बढ़ी है. प्रॉफिट बिफोर टैक्स (पीबीटी) भी बढ़ा है. श्री सरन बुधवार को नववर्ष के मौके पर सीएमपीडीआइ के कर्मियों को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि सीएमपीडीआइ का एमओयू रेटिंग उत्कृष्ट रहा है.
इसके लिए पूरी टीम बेहतर परिणाम की हकदार है. इसे बरकरार रखना हम सबकी जिम्मेदारी है. निदेशक (तकनीकी/इएस) केके मिश्रा, निदेशक (तकनीकी/आरडीएंडटी/सीआरडी) आरएन झा, निदेशक (तकनीकी/पीएंडडी) एके राणा एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी सुमित कुमार सिन्हा ने भी विचार रखे.
