रांची : हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में मंत्रिमंडल गठन के फॉर्मूले को लेकर मंथन हो रहा है. सूत्रों के अनुसार अब तक ‘सात-चार-एक’ के फॉर्मूले का प्रस्ताव है. इसके तहत मुख्यमंत्री के अलावा छह मंत्री झामुमो के होंगे.
जबकि, कांग्रेस के चार और राजद के एक मंत्री होंगे. शुरुआत में झाविमो को भी मंत्रिमंडल में शामिल करने की बात हुई थी, पर फिलहाल इस विषय को टाल दिया गया है. संभव है कि 29 दिसंबर को मुख्यमंत्री के साथ सहयोगी दलों से एक या दो मंत्री शपथ ले सकते हैं. मंत्रिमंडल का विस्तार 31 दिसंबर के बाद किये जाने की बात है. मंत्री कौन होंगे, इस पर अब भी मंथन चल रहा है.
सूत्र बता रहे हैं कि कांग्रेस कम से कम पांच मंत्री पद की मांग कर रही है. लेकिन, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने स्पष्ट कर दिया है कि सरकार में पार्टी के कितने मंत्री होंगे, यह आलकमान ही तय करेगा. चुनाव में 16 सीटें जीतने के बाद उत्साहित प्रदेश कांग्रेस के नेता विधानसभा अध्यक्ष और डिप्टी सीएम पद की दावेदारी का दबाव पार्टी पर बना रहे हैं.
साथ ही यह भी कह रहे हैं कि डिप्टी सीएम गैर आदिवासी होना चाहिए. लेकिन, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष श्री उरांव ने ऐसी किसी दावेदारी से इनकार किया है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि कांग्रेस ने सरकार में कभी डिप्टी सीएम पद की मांग नहीं रखी है.
शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू
नामित मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण की तैयारियां शुरू हो गयी हैं. वे 29 दिसंबर को मोरहाबादी मैदान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.
इस समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री सहित देश भर से यूपीए के आला नेता शामिल होंगे. हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समारोह में शामिल नहीं हो पायेंगे. श्री सोरेन ने बताया कि प्रधानमंत्री व्यस्तता की वजह से शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हो पायेंगे. इधर, मोरहाबादी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये जा रहे हैं.
हेमंत ने सीएस समेत अन्य अधिकारियों के साथ की बैठक
इधर, दिल्ली में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मिलने के बाद बुधवार देर रात हेमंत सोरेन रांची लौटे. इसके बाद श्री सोरेन ने गुरुवार को अपने आवास में राज्य के आला अधिकारियों के साथ बैठक भी की. लगभग 15 मिनट तक चली इस बैठक में मुख्य सचिव डीके तिवारी, नगर विकास सचिव अजय कुमार सिंह, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव शैलेश सिंह, राज्य के निर्वाचन आयुक्त विनय चौबे, रांची के उपायुक्त राय महिमापत रे, एसपी अनीश गुप्ता उपस्थित थे.
श्री सोरेन ने अधिकारियों को बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित कई नेता आयेंगे. प्रशासन उनके प्रोटोकॉल के अनुरूप उनके स्वागत की तैयारी करे. श्री सोरेन ने सरकार के अन्य कामकाज की भी जानकारी ली.
लालू से मिलने पहुंचे हेमंत, सरकार पर की चर्चा
भावी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद से मिलने रिम्स पहुंचे. सरकार गठन को लेकर श्री प्रसाद से चर्चा की. उन्होंने लालू से मिलने के बाद कहा लालू प्रसाद राजद सुप्रीमो हैं, वह उनसे मिल कर सरकार गठन में दिशा निर्देश लेने आये थे. सरकार को स्थापित करने के लिए उनकी दिशा निर्देश की आवश्यकता है. गठन की प्रक्रिया चल रही है, उनसे आशीर्वाद लेने आये थे.
माले व एनसीपी के साथ सरयू ने दिया नैतिक समर्थन
बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच माले विधायक विनोद सिंह और एनसीपी के विधायक कमलेश सिंह ने भी गठबंधन की सरकार को समर्थन दे दिया है. दोनों ही विधायकों ने श्री सोरेन से मुलाकात कर अपना समर्थन देने की बात कही. इस तरह गठबंधन का आंकड़ा 52 पहुंच गया. वहीं, निर्दलीय विधायक सरयू राय ने भी नैतिक समर्थन की घोषणा की है.
रघुवर के खिलाफ दर्ज कराया केस वापस लेंगे हेमंत
हेमंत सोरेन ने रघुवर दास के खिलाफ दर्ज कराया गया केस वापस लेने का निर्णय लिया है. श्री सोरेन ने कहा : हम बिल्कुल पॉजिटिव सोच के साथ इस राज्य को दिशा देना चाहते हैं. इसलिए हमने रघुवर दास के खिलाफ जो सनहा दर्ज कराया था, उसे वापस लेने का भी निर्णय लिया है.
गौरतलब है कि श्री सोरेन ने 19 दिसंबर को दुमका के एसटी-एससी थाने में शिकायत की थी. आराेप लगाया था कि श्री दास ने जामताड़ा के मिहिजाम में एक चुनावी सभा के दौरान उनके नाम और जाति सूचक उपनाम को लेकर अपशब्दाें का प्रयाेग किया. इससे उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची. बुधवार को ही इस मामले में मिहिजाम थाने में आइपीसी की धारा 504, 506 और एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है.
मुख्यमंत्री के साथ एक या दो मंत्री ही ले सकते हैं शपथ, मंत्रिमंडल विस्तार पर 31 दिसंबर के बाद होगा फैसला
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा : पार्टी ने कभी नहीं मांगा डिप्टी सीएम का पद, सब कुछ आला कमान तय करेगा
हेमंत की ताजपोशी में जुटेंगे देश भर के नेता, पर पीएम नहीं आयेंगे, किये जा रहे हैं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
हेमंत ने अपने आवास पर मुख्य सचिव समेत राज्य के आला अधिकारियों के साथ की बैठक, शपथ ग्रहण की तैयारी का जायजा लिया
झगड़े से विनाश होता है, विकास नहीं
हम दुर्भावना से ग्रसित होकर काम नहीं करते हैं. सकारात्मक सोच के साथ चलते हैं और काम करते हैं. चुनाव खत्म हो चुका है. अब राज्य को दिशा देने का वक्त आ गया है. इसमें केवल मेरी ही भूमिका नहीं होगी. मैं तो केवल माध्यम हूं. इसमें पक्ष-विपक्ष दोनों की ही बहुत बड़ी भूमिका होगी. लड़ाई-झगड़े से केवल नुकसान ही होता है. हमारी सरकार विपक्ष को भी उतनी ही इज्जत देगी, जितना की अपनी सरकार के मंत्रियों और विधायकों को.
– हेमंत सोरेन, नामित मुख्यमंत्री, झारखंड
