रांची : सांसद संजय सेठ ने शनिवार को नयी दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की. सांसद ने मंत्री को ज्ञापन सौंप कर चांडिल में रेल ओवरब्रिज (आरओबी) बनाने का आग्रह किया. बताया गया कि चांडिल एक औद्योगिक नगर है. यहां पर तीन रेलवे फाटक हैं, जहां से होकर प्रतिदिन सैकड़ों माल गाड़ियों का आवागमन होता है. माल गाड़ियों के आगमन के दौरान रेलवे फाटक को घंटों बंद कर दिया जाता है. इससे क्षेत्र में लोगों को आने-जाने में कठिनाई होती है. इन जगहों पर आरओबी का निर्माण जरूरी है.
श्री सेठ ने रांची से दिल्ली के लिए राजधानी ट्रेन को सप्ताह में सातों दिन चलाने की मांग की. उन्होंने कहा कि अभी राजधानी सप्ताह में चार दिन चलती है.
गुरुवार व रविवार को वाया बरकाकाना और बुधवार व शनिवार को वाया बोकारो होकर जाती है. बोकारो होकर जाने वाली राजधानी को लोहरदगा व टोरी होते हुए चलाया जाये. इस रूट पर ट्रेन के परिचालन से दिल्ली पहुंचने में दो घंटे का समय बचेगा. रामगढ़ जिला के अरगड्डा में रेलवे और कोल इंडिया के कोलाबरेशन से रेल नीर प्लांट की स्थापना की जा रही है. कोल इंडिया की खदानों में जमे पानी का इस्तेमाल हम रेल नीर में कर सकते हैं. रेल मंत्री ने सांसद की मांगों पर उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया.
