रांची/मुरी : मुरी रेलवे स्टेशन स्थित आरआर बिल्डिंग के रिले रूम (माइक्रो लॉक रूम) में सोमवार को आग लग गयी़ इस संबंध में रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि रिले रूम की खराब मेंटेनेंस व लापरवाही के कारण यह घटना घटी है.
रविवार को दिल्ली से रांची आ रही राजधानी ट्रेन जब मुरी पहुंचने वाली थी, तो इसका सिग्नल खुद ब खुद ग्रीन से रेड व फिर ग्रीन हो गया था. इस कारण स्टेशन से पहले ट्रेन रुकी भी थी. ऐसी संभावना जतायी जा रही है कि यह गड़बड़ी सिग्नल सिस्टम में किसी प्रकार की आयी खराबी के कारण हुई हो. अगर इसे गंभीरता से लिया जाता, तो अगलगी की घटना को रोका जा सकता था.
घटना की सूचना मिलने पर डीआरएम नीरज अंबष्ठ, एडीआरएम आरएस यादव, डीओएम नीरज कुमार, मुरी के एइएन बीडी मीना, स्टेशन प्रबंधक एसएम खान, आरपीएफ के एसीएस एके पांडे, आरपीएफ प्रभारी आरके तिवारी समेत दर्जनों अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया व मुरी स्टेशन में अधिकारियों के साथ बैठक की. कोलकाता गार्डेनरीच से भी कई जोनल अधिकारी के मुरी आने की सूचना है.
यात्रियों को घंटों ट्रेन में बैठना पड़ा, परेशानी
मुरी रेलवे स्टेशन स्थित आरआर बिल्डिंग के रिले रूम में लगे आग के कारण आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों को जहां-तहां रोक दिया गया. इस कारण यात्रियों को काफी परेशानी हुई. यात्री मुक्ता ने बताया कि गरीब रथ ट्रेन को तीन घंटे से अधिक समय तक जंगल में रोक दिया गया. रेलवे स्टाफ पूछने पर कुछ भी नहीं बता रहा था. अगर सही जानकारी यात्रियों को दी जाती, तो यात्री वैकल्पिक व्यवस्था कर अपने गंतव्य को जा सकते थे.
ट्रेन आने के दौरान सिग्नल खुद ब खुद ग्रीन से रेड और रेड से ग्रीन हो रहा था
जो ट्रेनें विलंब से रांची पहुंचीं
जनशताब्दी 50 मिनट, शताब्दी 1.15 घंटे, एलेप्पी 30 मिनट, आसनसोल मेमू 3.53 घंटे, बाबाधाम एक्स 3.33 घंटे, खड़गपुर पैसेंजर 3.00 घंटे, गरीब रथ 4.33 घंटे, जम्मूतवी 8.25 घंटे व जयनगर-रांची 1.57 घंटे विलंब से रांची पहुंची.
कई ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से रवाना किया गया
रांची-नयी दिल्ली गरीब रथ जो मुरी-बरकाकाना मार्ग से जाती है, वह रांची-टोरी होकर गयी. रांची-मुडुवाडीह इंटरसिटी एक्स जो मुरी-बरकाकाना मार्ग से जाती है, वह रांची-टोरी होकर गयी. भुवनेश्वर-नयी दिल्ली राजधानी एक्स जो मुरी-कोटशिला-बोकारो मार्ग से जाती है, वह पुरुलिया-बोकारो मार्ग से गयी.
हटिया-हावड़ा क्रियायोगा ट्रेन मुरी-चांडिल मार्ग से न जाते हुए परिवर्तित मार्ग मुरी-पुरुलिया-चांडिल होकर गयी. वहीं टाटा-हटिया मेमू ट्रेन को रद्द कर दिया गया. वहीं रांची व हटिया से खुलने वाली ट्रेन समय पर रवाना हुई. जिन्हें मुरी पहुंचने से पहले रोका गया.
