रांची : विधानसभा चुनाव के दौरान रांची जिले के सभी 2695 मतदान केंद्रों में बिजली की सुविधा उपलब्ध रहेगी. विद्युत आपूर्ति क्षेत्र रांची को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी राय महिमापत रे ने सभी मतदान केंद्रों पर एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी (एएमएफ) सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था. इसमें सभी बूथों को चेक कर वहां बिजली उपलब्ध कराना भी शामिल था. अधीक्षण अभियंता प्रभात कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सुदूरवर्ती इलाकों में कुछ मतदान केंद्रों पर खामियां सामने आयी थीं. जहां मुख्य कमरे के अलावा कुछ कमरे के अंदर बिजली सप्लाई ठीक नहीं थी. उसकी पहचान कर समस्या का समाधान किया गया.
बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे रहे अधिकारी : बिजली विभाग के अधिकारी जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे रहे. अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर मीटर, केबल व बोर्ड चेक किये.
जरूरत पड़ने पर तत्काल बदले जायेंगे उपकरण : चुनाव को लेकर बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए जरूरी उपकरणों के साथ ही मतदान वाले दिन सभी कर्मचारियों को टीम के साथ सतर्क रहने को कहा गया है.
