घर पर फोटो वोटर्स स्लिप नहीं मिले, तो 1950 पर करें शिकायत

चौथा चरण : 7628 बैलेट कंट्रोल यूनिट और 7931 वीवीपैट इस्तेमाल होंगे रांची : राज्य के मुख्य चुनाव पदाधिकारी विनय कुमार चौबे ने कहा कि विधानसभा चुनाव-2019 में सभी मतदाताओं के घर पर फोटो वोटर्स स्लिप (फोटोयुक्त मतदाता पर्ची) की डिलीवरी की जानी है. पहले और दूसरे चरण में जिन विधानसभा सीटों के लिए मतदान […]

चौथा चरण : 7628 बैलेट कंट्रोल यूनिट और 7931 वीवीपैट इस्तेमाल होंगे

रांची : राज्य के मुख्य चुनाव पदाधिकारी विनय कुमार चौबे ने कहा कि विधानसभा चुनाव-2019 में सभी मतदाताओं के घर पर फोटो वोटर्स स्लिप (फोटोयुक्त मतदाता पर्ची) की डिलीवरी की जानी है. पहले और दूसरे चरण में जिन विधानसभा सीटों के लिए मतदान होना है, वहां मतदाताओं के घर पर फोटो वोटर्स स्लिप का वितरण शुरू कर दिया गया है.
किसी भी कारण से मतदाता को घर पर फोटो वोटर्स स्लिप नहीं मिलता है तो वह अपनी शिकायत वोटर्स हेल्पलाइन नंबर 1950 पर दर्ज करा सकते हैं. राज्य में चौथे चरण के चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद प्रेस कांफ्रेंस कर श्री चौबे ने कहा कि इस चरण में 16 दिसंबर को 15 सीटों के लिए मतदान होगा. 7628 बैलेट कंट्रोल यूनिट और 7931 वीवीपैट का इस्तेमाल होगा.
कुल 6101 मतदान केंद्रों पर 47,81,422 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. उन्होंने कहा कि पहले चऱण में 13 सीटों के लिए 30 नवंबर और दूसरे चरण में 20 सीटों के लिए सात दिसंबर को मतदान होना है. पहले चरण में 189 और चरण में 260 अभ्यर्थी चुनावी मैदान में हैं. तीसरे चरण में 17 सीटों के लिए 25 नवंबर तक नामांकन पत्र दाखिल किये जायेंगे. वहीं, चौथे चरण के लिए 22 नवंबर से नामांकन शुरू हो गया है.
5.53 करोड़ की नकद और अवैध सामग्री जब्त : श्री चौबे ने बताया कि राज्य में चुनाव की घोषणा के बाद से 5.53 करोड़ रुपये की संदिग्ध नकदी, अवैध शराब और गांजा समेत कई अन्य सामग्रियां जब्त की जा चुकी है. 2.12 करोड़ रुपये नकद हैं.
आचार संहिता उल्लंघन की 50 एफआइआर : उन्होंने कहा कि राज्य में आचार संहिता उल्लंघन की 50 प्राथमिकी दर्ज करायी जा चुकी है. सबसे ज्यादा 11 प्राथमिकी पूर्वी सिंहभूम में दर्ज की गई है. पलामू में सात, धनबाद में तीन, गढ़वा में 10, गिरिडीह में चार, रांची में दो, बोकारो में चार, सरायकेला-खरसावां में एक, जामताड़ा में एक, सिमडेगा में एक, लोहरदगा में दो, पाकुड़ में एक, गुमला में एक, कोडरमा में एक और साहेबगंज में एक प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
सी-विजिल पर मिलीं 1,081 शिकायतें : बताया कि सी-विजिल पर आचार संहिता उल्लघंन 1,081 शिकायतें मिली है. बोकारो में 36, चतरा में 40, देवघर में 20, धनबाद में 129, दुमका में 63, पूर्वी सिंहभूम में 69, गढ़वा में 67, गिरिडीह में 29, गोड्डा में 25, गुमला में 36, हजारीबाग में 36, जामताड़ा में 9, खूंटी में 47, कोडरमा में 97, लातेहार में 18, लोहरदगा में 21, पाकुड़ में 37, पलामू में 36, रामगढ़ में 17 , रांची में 198, साहेबगंज में सात, सरायकेला में 11, सिमडेगा में 11 और पश्चिमी सिंहभूम में 22 शिकायतें आयीं. इनमें से केवल 73 शिकायतों को ही सही पाया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >