नामकुम : नामकुम के खोजाटोली आर्मी कैंप के समीप सड़क दुर्घटना में खेलगांव स्थित ओरिएंट क्राफ्ट कंपनी के जीएम देवाशीष विश्वाल (35) की मौत हो गयी. देवाशीष इनोवा कार से चालक के साथ अोड़िशा से रांची लौट रहे थे. घटना रविवार देर रात लगभग ढाई बजे की है. वहीं दुर्घटना में इनोवा के चालक नवल कुमार यादव को हल्की चोट आयी है.
नवल ने बताया कि देवाशीष मूल रूप से अोड़िशा के रहनेवाले थे. शुक्रवार को वे कंपनी की इनोवा गाड़ी से गर्भवती पत्नी और बेटी को छोड़ने अोड़िशा गये थे. वहां उन्हें छोड़ने के बाद बाद रविवार को शाम लगभग साढ़े छह बजे अोड़िशा से रांची के लिए रवाना हुए थे.
गाड़ी में उनके अलावा चालक था. लौटने के क्रम में नामकुम खोजाटोली आर्मी कैंप के पास तेज गति और मोड़ के कारण चालक का नियंत्रण खो गया व कार पेड़ से टकरा गयी, जिससे पीछे बैठे देवाशीष का सिर सामने के शीशे से टकरा गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गये और मौके पर ही उनकी मौत हो गयी. लगभग साढ़े चार बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया व कार जब्त कर थाना ले आयी.
25 किमी दौड़ कर पहुंचा : नवल ने बताया कि देवाशीष की स्थिति को देखकर वह बेहोश हो गया. होश आया तो वहां से गुजर रहे वाहनों का रोकने का प्रयास किया, परंतु किसी ने सहायता नहीं की. नवल घटनास्थल से 25 किलोमीटर दौड़कर खेलगांव स्थित कंपनी के दफ्तर पहुंचा और अन्य लोगों को घटना की जानकारी दी. उसके बाद लगभग पांच बजे सभी घटनास्थल पर पहुंचे.
मोबाइल व लैपटाॅप गायब: चालक के अनुसार गाड़ी में जीएम का मोबाइल व लैपटॉप था, जो घटना के बाद गायब हो गया. पुलिस ने कहा कि 100 नंबर डायल के माध्यम से घटना की सूचना मिली. मौके पर पहुंचे, तो जीएम मृत मिले. कार के पास कोई नहीं था. पुलिस ने चालक को पूछताछ के लिए थाना में रखा है.
