रांची : सदर अस्पताल में स्पेशलओपीडी शुरू करने के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों का चयन कर लिया गया है. हड्डी विभाग में तीन, शिशु विभाग में दो, एनेस्थिसिया में एक व रेडियोलॉजी में एक डॉक्टर का चयन किया गया है. विशेष ओपीडी का शुभारंभ अभी नहीं किया जायेगा, क्याेंकि अभी अस्पताल में कुछ तैयारी करना शेष है.
सदर अस्पताल प्रबंधन कमियाें को दूर कर रहा है, ताकि विशेष ओपीडी को शीघ्र शुरू किया जा सके़ गौरतलब है कि जिला प्रशासन ने सदर अस्पताल में स्पेशलाइज्ड ओपीडी को शुरू करने के निर्देश सदर अस्पताल प्रबंधन को दो महीने पहले दिया था, जिसकी प्रक्रिया चल रही थी. सिविल सर्जन डॉ वीबी प्रसाद ने बताया कि हड्डी विभाग में दो, शिशु विभाग में दो व रेडियोलॉजी व एनेस्थिसिया विभाग में एक-एक और डॉक्टरों को नियुक्त किया जायेगा. स्पेशलाइज्ड ओपीडी के लिए नियुक्त डॉक्टरों को वेतन व मानदेय आयुष्मान भारत योजना से एकत्र राशि से दिया जायेगा.
आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीज का होगा नि:शुल्क इलाज :सदर अस्पताल में शुरू होनेवाले विशेष ओपीडी के लिए मरीजों से शुल्क नहीं देना होगा. पंजीयन के रूप में उनसे पांच रुपये लिया जायेगा. वहीं ऑपरेशन की नौबत आने पर आयुष्मान भारत से पैसा नहीं लिया जायेगा. हालांकि अन्य मरीजों को हड्डी के ऑपरेशन के लिए उपकरण का खर्च वहन करना होगा. अस्पताल प्रबंधन एजेंसी या सप्लायर को चिह्नित करेगा, उसी से मरीज को उपकरण लेना होगा. इससे मरीज काे अधिक पैसा खर्च नहीं करना पड़ेगा.
