सिल्ली : राज्य व केंद्र सरकार स्वच्छता पर लगातार अभियान चला रही है. लेकिन स्थानीय पंचायत सरकार की अनदेखी के कारण स्वच्छता योजना का कुछ जगहों पर कोई फायदा नहीं मिल रहा है.
बड़ा मुरी बस स्टैंड के समीप 14वें वित्त आयोग योजना 2018-19 के तहत यात्रियों को पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए प्रखंड के कोचो पंचायत की ओर से एक सोलर जलमीनार लगाया गया. जल मीनार को लगे हुए छह महीने से ज्यादा हो गये हैं, लेकिन जलमीनार में अब तक सोख्ता गड्ढा का निर्माण नहीं कराया गया है. जबकि इस योजना में अनिवार्य रूप से सोख्ता गड्ढा बनाने का प्रावधान है. इस कारण जलमीनार का सैकड़ों लीटर पानी बस स्टैंड के समीप सड़कों पर यूं ही बहता रहता है. इससे आसपास जलजमाव होने से यात्रियों समेत अन्य लोगों को प्रतिदिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
इस संबंध में पूछे जाने पर कोचो पंचायत के मुखिया हराधन महली ने बताया कि सोख्ता गड्ढा बनाने के लिए निर्धारित राशि सोलर जलमीनार योजना लगानेवाली एजेंसी को मेरे पंचायत सेवक ने बिना मेरी जानकारी के भुगतान करा दिया है. लेकिन आज तक सोख्ता गड्ढा का निर्माण नहीं कराया गया है. इस मामले की वे अपने स्तर से जांच करेंगे. वहीं पंचायत सेवक से इस संबंध में बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका.
