रांची/नामकुम : सोमवार की शाम जमीन कारोबारी राजेश नायक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. अपराधियों ने राजेश को तीन गोली मारी है. पुलिस ने नामकुम थाना क्षेत्र के करकट्टा गांव स्थित रिंग रोड के समीप से शव बरामद किया है.
जानकारी मिलते ही ग्रामीण एसपी ऋषभ कुमार झा, डीएसपी नीरज कुमार और थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पहुंचे और मामले की छानबीन की. पुलिस ने जांच के दौरान घटना स्थल से तीन खोखा, राजेश की स्विफ्ट कार, एक मोबाइल फोन बरामद किया है. वहीं, घटना स्थल पर पड़े खून व शराब की बोतल को भी जांच के लिए जब्त किया है़
पुलिस के अनुसार घटना सोमवार की शाम साढ़े पांच बजे की है. जानकारी के मुताबिक स्थानीय महिलाओं ने गोली चलने की आवाज सुनी और अन्य लोगों को बताया . ग्रामीणों ने जाकर देखा तो राजेश का शव पड़ा हुआ था़ ग्रामीणों ने ही पुलिस को सूचना दी. मृतक की पत्नी ने बताया कि राजेश सोमवार को दिन के लगभग चार बजे टिकट बनाने की बात कहकर घर से निकले थे. उन्हें लगभग सात बजे पुलिस से घटना की सूचना मिली. पत्नी के अनुसार कुछ दिनों पहले टिंकू बड़ाईक के साथ बकझक हुई थी. यह भी बताया कि वर्तमान में राजेश चाय बागान के रहनेवाले प्रवीण के साथ काम कर रहे थे.
घटना स्थल से थोड़ी दूरी पर है 4़ 42 एकड़ जमीन
बताया जाता है कि राजेश नायक की जिस जगह पर हत्या की गयी है, वहां से कुछ दूरी पर उसकी 4.42 एकड़ जमीन है. जेल जाने से पहले राजेश ने यह जमीन खरीदी थी. रोड किनारे होने के कारण जमीन की कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है़
तीन महीने पहले ही जेल से बाहर आया था
जानकारी के मुताबिक नामकुम के जोरार में 2013 में भाजपा नेता रतन गोप और चुटिया में रांची विवि कर्मी अरूण नाग की हुई हत्या मामले में राजेश नायक नामजद अभियुक्त था. अरुण नाग हत्याकांड में उसने कोर्ट में सरेंडर किया था
परिजनों के अनसार राजेश करीब ढाई-तीन महीने पहले ही जेल से बाहर आया था. हत्या में नाम आने के बाद ही राजेश चर्चा में आया था. इधर, ग्रामीण एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि अपराधियों ने कितनी गोली मारी है. साथ ही पुलिस 4.42 एकड़ जमीन सहित अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है. उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
