रांची : कांटाटोली चौक स्थित टेलीटॉक मोबाइल दुकान से चोरों ने करीब 20 लाख रुपये के 220 पीस मोबाइल की चोरी कर ली. घटना की जानकारी दुकान संचालक अशोक कुमार अग्रवाल को तब मिली, जब वह शुक्रवार की सुबह दुकान खोलने पहुंचे. उन्होंने देखा कि दुकान की रैक में रखे मोबाइल के अधिकांश डिब्बे गायब थे. अपराधी दुकान की दीवार और फर्नीचर तोड़ कर घुसे थे.
इसके बाद अशोक दुकान के पीछे गये तो देखा कि मोबाइल के खाली डिब्बे बिखरे पड़े हैं. इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर लोअर बाजार थाना की पुलिस पहुंची. साथ ही जांच के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया. एफएसएल की टीम को फ्रिंगरप्रिंट मिले हैं.
इसके अलावा और कोई सबूत नहीं मिल पाया. इसके बाद सिटी एसपी भी जांच करने पहुंचे. दुकान के संचालक ने पूछताछ में बताया कि गुरुवार की रात वह दुकान बंद कर पुरुलिया रोड स्थित घर चले गये थे. शुक्रवार की सुबह दुकान खोलने पर घटना की जानकारी मिली. उन्होंने बताया कि दुकान में सीसीटीवी कैमरा है, जिसे रात में बंद कर घर जाते हैं इसलिए किसी संदिग्ध का फुटेज नहीं आया है. यह भी बताया कि दूसरे दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध नजर आया है.
वह तीन झोला लेकर जाता हुआ दिखाई पड़ रहा है. वहीं, पुलिस का कहना है दुकान की टूटी दीवार को देख कर लगता है दुकान में चोरी करने के लिए कोई बच्चा घुसा होगा. वहीं, मोबाइल के खाली डिब्बे से इस बात की आशंका है कि करीब 50 पीस मोबाइल की चोरी हुई होगी. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है.
