रांची : झारखंड हाइकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस (एसीजे) रहे प्रशांत कुमार के निधन पर सोमवार को फुलकोर्ट रेफरेंस का आयोजन किया गया. कोर्ट नंबर-वन में आयोजित रेफरेंस की अध्यक्षता एक्टिंग चीफ जस्टिस हरिशचंद्र मिश्र ने की. मौके पर जस्टिस प्रशांत कुमार की जीवनी पर प्रकाश डाला गया. एसीजे मिश्र ने प्रशांत कुमार की जीवनी व कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के बलिया में एक जुलाई 1958 को उनका जन्म हुआ था. उनकी स्कूली शिक्षा छपरा में हुई थी.
स्नातक व लॉ की डिग्री लेने के बाद पटना हाइकोर्ट में प्रैक्टिस शुरू की. उन्होंने पटना हाइकोर्ट की रांची बेंच में 1980 से लेकर 1991 तक प्रैक्टिस की. वह छह मई 1991 को एडीजे पद पर नियुक्त हुए. 21 जनवरी 2009 को प्रशांत कुमार झारखंड हाइकोर्ट के न्यायाधीश बनाये गये. 19 मई 2016 को इलाहाबाद हाइकोर्ट स्थानांतरित हुए. इलाहाबाद से स्थानांतरण के बाद 10 मई 2019 को पुन: झारखंड हाइकोर्ट के न्यायाधीश पद की शपथ ली. सात जून 2019 से एक्टिंग चीफ जस्टिस के दायित्वों का निर्वहन करते रहे. वहीं राज्य सरकार की अोर से महाधिवक्ता अजीत कुमार ने शोक प्रस्ताव पढ़ा. एडवोकेट एसोसिएशन की अध्यक्ष रितू कुमार और बार एसोसिएशन झारखंड हाइकोर्ट के महासचिव डॉ एसके वर्मा ने जस्टिस प्रशांत कुमार के निधन पर शोक प्रस्ताव पढा. इस अवसर पर हाइकोर्ट के न्यायाधीशगण, अपर महाधिवक्ता, वरीय अधिवक्ता, अधिवक्ता सहित अन्य लोग उपस्थित थे. रेफरेंस के बाद हाइकोर्ट में कार्य स्थगित कर दिया गया.
