लापुंग : पुलिस ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोपी चौठा उरांव को रविवार को गिरफ्तार कर लिया. उसे सोमवार को जेल भेजा जायेगा. पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल किया है. वहीं पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा जायेगा. इसके बाद उसका 164 के तहत बयान दर्ज कराया जायेगा.
क्या है मामला : चौठा उरांव पर गांव की ही नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का आरोप है. इस मामले में पीड़िता ने 24 अगस्त को चौठा उरांव के खिलाफ लापुंग थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. पीड़िता के अनुसार अप्रैल में मवेशी चराने के दौरान चौठा उरांव ने डरा-धमका कर उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया था. जिससे वह पांच माह की गर्भवती हो गयी थी.
इधर, बताया जाता है कि जब ग्रामीणों को इस घटना का पता चला, तो गांव में पंचायत कर पीड़िता के परिवार को रुपये देकर मामला रफा-दफा करने का प्रयास किया जाने लगा. इसकी भनक लापुंग थाना प्रभारी विकास कुमार को लगी. वे पीड़िता व उसके पिता को 24 अगस्त को थाना ले आये. जहां पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी.
