पटमदा : पटमदा में सोमवार देर रात डायन-बिसाही के आरोप में भतीजे ने चाचा व चाची की हत्या कर दी. पुलिस ने भतीजे को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही हत्या में प्रयुक्त दावली और कुल्हाड़ी को जब्त कर लिया है. भतीजे के मुताबिक चाचा-चाची की नजर ठीक नहीं थी, जिसके कारण पत्नी हमेशा बीमार रहती थी. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. चचेरा पोता रंजन टुडू के बयान पर थाना में केस दर्ज किया गया है.
डायन-बिसाही के संदेह में चाचा-चाची को मार डाला
पटमदा : पटमदा में सोमवार देर रात डायन-बिसाही के आरोप में भतीजे ने चाचा व चाची की हत्या कर दी. पुलिस ने भतीजे को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही हत्या में प्रयुक्त दावली और कुल्हाड़ी को जब्त कर लिया है. भतीजे के मुताबिक चाचा-चाची की नजर ठीक नहीं थी, जिसके कारण पत्नी हमेशा बीमार रहती […]

मिली जानकारी के मुताबिक शिशुलाल की पत्नी सोमवारी टुडू की तबीयत खराब रहती थी. सोमवार की रात शिशुलाल नशे में घर आया. बीमार पत्नी से उलझ गया और पिटाई कर दी. वहीं पिटाई से नाराज पत्नी अपने तीन बच्चों को छोड़ कर जीजा के घर चली गयी. उस समय तीनों बच्चे सो रहे थे. इधर शिशुलाल घर से दावली व कुल्हाड़ी लेकर पड़ोस में रहनेवाले चाचा ओपिन टुडू (70) के घर पहुंच गया. पास में चाची कोकी टुडू (65) सो रही थी.
उसने चाचा-चाची को दावली व कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी. इसके बाद घर में जाकर सो गया. घटना की जानकारी मंगलवार की सुबह उस वक्त गांववालों को मिली, जब ओपिन टुडू का चचेरा पोता रंजन टुडू दादा को जगाने के लिए आया. वह दादा को साथ लेकर खेत पर जाता था. वहां का नजारा देख पोता घबरा गया. दोनों के शव पास ही पड़े थे.
खून बिखरा था. सूचना पाकर ग्राम प्रधान फूलचंद महतो पहुंचे. उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी. मौके पर पहुंचे पटमदा थाना प्रभारी राजेश कुमार ने स्थिति का जायजा लिया. पास में रहनेवाली चमेली मुर्मू ने पुलिस को बताया कि रात में उसने देखा कि शिशुलाल पत्नी से झगड़ा कर रहा था.
उसके बाद उसे चाचा-चाची की ओर आते देखा. उसके हाथ में हथियार देख कर वह भाग गयी. इधर, हत्या को अंजाम देने के दूसरे दिन शिशुलाल खेत में काम करने के लिए चला गया था. पुलिस ने खेत से उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकारी. उसकी निशानदेही पर खून से सनी कुल्हाड़ी भी घर से बरामद कर ली गयी.
पुलिस के सामने हत्या के आरोपी शिशुलाल ने चाचा-चाची पर डायन बिसाही करने का आरोप लगाया. कहा कि उसकी वजह से पत्नी सोमवारी टुडू हमेशा बीमार रहती है. कई बार अोझा से झाड़फूंक भी कराया, पर ठीक नहीं हुई. सभी ने चाचा चाची के कारण ही पत्नी के बीमार होने की बात कही थी. टुडू ने कहा कि उनके द्वारा कुछ बोलने पर चाचा चाची झगड़ा पर उतर आते थे. जब कोई उपाय नहीं बचा, तो दोनों को मार दिया.