रांची : 1450 पारा शिक्षक बनेे स्थायी सरकारी शिक्षक

अब तक दस हजार पारा शिक्षक स्थायी शिक्षक बने जिलों ने प्राथमिक शिक्षा निदेशालय को नियुक्ति को लेकर भेजी रिपोर्ट गैर पारा कोटि में आवेदन करनेवाले पारा शिक्षकों की भी नियुक्ति सुनील कुमार झा रांची : राज्य में प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में लगभग 1650 शिक्षकों की नियुक्ति हुई है. शिक्षकों की नियुक्ति के लिए […]

अब तक दस हजार पारा शिक्षक स्थायी शिक्षक बने
जिलों ने प्राथमिक शिक्षा निदेशालय को नियुक्ति को लेकर भेजी रिपोर्ट
गैर पारा कोटि में आवेदन करनेवाले पारा शिक्षकों की भी नियुक्ति
सुनील कुमार झा
रांची : राज्य में प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में लगभग 1650 शिक्षकों की नियुक्ति हुई है. शिक्षकों की नियुक्ति के लिए तीन जून को सभी जिलों में काउंसेलिंग हुई थी. प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने सभी जिलों से नियुक्ति को लेकर रिपोर्ट मांगी थी. जिलों द्वारा भेजी गयी रिपोर्ट के अनुसार लगभग 1650 शिक्षकों की नियुक्ति की गयी है. जिसमें से 1450 पारा शिक्षक हैं. 1450 पारा शिक्षक स्थायी सरकारी शिक्षक बन गये. राज्य में अब तक लगभग दस हजार पारा शिक्षक स्थायी शिक्षक बन गये हैं.
तीन जून को हुई काउंसेलिंग में कक्षा एक से पांच तक में 1055 शिक्षकों की नियुक्ति की गयी, जबकि कक्षा छह से आठ में 341 शिक्षकों की नियुक्ति हुई. इसके अलावा 254 वैसे पारा शिक्षक जिन्होंने पूर्व में गैर पारा शिक्षक कोटि में आवेदन दिया था एवं जिन्हें नियुक्ति के बाद हटा दिया गया था, उनकी भी फिर से नियुक्ति की गयी. प्राथमिक शिक्षा निदेशालय के अनुसार नियुक्त हुए 1650 शिक्षक में से लगभग 1450 शिक्षक पारा कोटि के हैं. शिक्षकों की नियुक्ति के लिए काउंसेलिंग हाइकोर्ट के आदेश पर हुई थी. काउंसेलिंग में वैसे पारा शिक्षक, जिन्होंने गैर पारा कोटि में नियुक्ति के लिए आवेदन दिया था, उनकी काउंसेलिंग गैर पारा कोटि में की गयी. वहीं पूर्व की काउंसेलिंग में पारा शिक्षकों को गैर पारा कोटि में नियुक्ति का अवसर नहीं दिया गया था.
254 हटाये गये पारा शिक्षक भी नियुक्त
राज्य में वर्ष 2015-16 में गैर पारा कोटि नियुक्त हुए पारा शिक्षकों को सेवा मुक्त कर दिया गया था. न्यायालय के आदेश के बाद इन शिक्षकों की फिर से सेवा ली गयी. चतरा में सबसे अधिक 104 शिक्षक, जिन्हें हटा दिया गया था, उन्हें फिर से रखा गया. पलामू में तीन, लातेहार में एक, गुमला व रांची में तीन-तीन, गिरिडीह में दो, गोड्डा में 27, देवघर में 25 व साहेबगंज में 86 शिक्षकों को फिर से नियुक्त किया गया. सरकार ने हटाये गये 254 पारा शिक्षकों की भी फिर से नियुक्ति कर दी है.
विद्यालयों में 3319 शिक्षकों के पद रहे रिक्त
राज्य के प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में 4969 पदों पर नियुक्ति के लिए काउंसेलिंग की गयी थी. इसमें से 3319 पद रिक्त रह गये. उल्लेखनीय है कि राज्य के प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में हुई पिछली शिक्षक नियुक्ति के बाद जो पद रिक्त बच गये थे, उन पर नियुक्ति के लिए काउंसेलिंग की गयी थी. इस नियुक्ति में पारा शिक्षकों को गैर पारा शिक्षक कोटि के पद के लिए होने वाली काउंसेलिंग में भी शामिल होने की अनुमति दी गयी थी. वर्ष 2013 में हुई शिक्षक पात्रता परीक्षा के बाद वर्ष 2014-15 व 2015-16 में प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति हुई थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >