रांची : हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र के रियाडा भवन के समीप बिल्डर मनोज कुमार सिंह की कार का शीशा तोड़ कर अपराधियों ने 93 हजार रुपये की चोरी कर ली. घटना की जानकारी मनोज कुमार को रात करीब नौ बजे तब मिली, जब वह एक मॉल से सामान खरीदने के बाद कार के पास पहुंचे.
उन्होंने तुरंत घटना की सूचना हिंदपीढ़ी पुलिस को दी. पुलिस वहां पहुंची और मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने देखा कि बिल्डर की कार के समीप एक और कार का शीशा टूटा हुआ है. थोड़ी देर बाद वहां एक महिला पहुंची. उसने पुलिस को बताया कि उसकी कार में करीब 10 हजार रुपये के कपड़े थे. पुलिस ने आस-पास के लोगों से भी पूछताछ लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा. पुलिस आस-पास के सीसीटीवी फुटेज को चेक कर रही है. मनोज कुमार के अनुसार वह अपने बेटी के लिए मॉल से कुछ सामान खरीदने के लिए आये थे.
इससे पहले लेबर पेमेंट के लिए पिछले दिनों बैंक से रुपये निकाले थे. लेबर पेमेंट के बाद बचे रुपये को कार में रखा था. उन्होंने घटना स्थल पर गाड़ी रात करीब 8.30 बजे पार्क की थी. खबर लिखे जाने तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी है.
