मुंबई में भारी बारिश के कारण वहां से रांची नहीं आ सका इंडिगो का विमान
रांची : मुंबई में भारी बारिश के कारण बुधवार को इंडिगो का विमान 6ई-5315 रद्द कर दिया गया. विमान का रांची आने का समय सुबह 8:00 बजे है. खराब मौसम के कारण यह विमान मुंबई से रांची नहीं आया था.
इंडिगो के अधिकारी ने बताया कि विमान रद्द होने की सूचना यात्रियों को दूरभाष पर एसएमएस के माध्यम से दे दी गयी थी. वहीं, एयरपोर्ट पहुंचे कई यात्रियों ने विमान के रद्द होने की सूचना पर कंपनी के अधिकारियों से वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की. इस कई यात्रियों को से दोपहर बाद दूसरे विमान से मुंबई भेजा गया.
इधर, रांची में भी बुधवार को मौसम खराब होने के कारण विस्तारा एयरवेज का दिल्ली-रांची विमान (यूके751) को कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया.
विमान अपने निर्धारित समय सुबह 8:25 बजे रांची पहुंचा. एयरपोर्ट का चक्कर लगाने के बाद विमान के पायलट को रनवे नहीं दिखाई दिया. इस कारण विमान को कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया. विमान दोबारा दिन के 11:05 बजे रांची आया. वहीं, इंडिगो का हैदराबाद-रांची विमान (6ई-717) दिन के 11:25 बजे के बजाय दोपहर 12:15 बजे रांची आया.
