मॉनसून : भारी बारिश और जलभराव से बेहाल हुई मुंबई, रेल-सड़क और हवाई यातायात प्रभावित
दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में अभी तक मॉनसून नहीं
नयी दिल्ली/मुंबई : लगातार चौथे दिन सोमवार को हुई मूसलधार बारिश से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई बेहाल है. जलजमाव और भारी बारिश के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. हिंदमाता, सायन, अंधेरी, कुर्ला, बांद्रा, दादर, किंग सर्कल एरिया, चेंबूर इलाकों में जगह-जगह पानी भर गया है, जिसके कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हैं. सड़कें तालाब में तब्दली हो गयी हैं.
शहर की लाइफलाइन लोकल के पहिये भी बारिश ने थाम दिये हैं. रेलवे ने 13 ट्रेनों को रद्द कर दिया है. वहीं, ट्रैफिक जाम होने के कारण गाड़ियां रेंगती नजर आयी. मौसम विभाग ने ठाणे और पालघर में दो, चार और पांच जुलाई को बेहद भारी बारिश की आशंका जाहिर की है. मुंबई में कुछ स्थानों पर मंगलवार को भारी से भारी बारिश हो सकती है.
सियोन और माटुंगा स्टेशन के बीच रेल पटरियों पर पानी भर आया, जिससे ट्रेन सेवाएं बाधित हुई.मौसम विभाग ने झारखंड, महाराष्ट्र, ओड़िशा, गोवा, तेलंगाना, केरल, तटीय कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, मध्यप्रदेश और पश्चिम बंगाल में चार जुलाई तक भारी से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं, बिहार, यूपी, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में गर्मी कहर जारी है. इन राज्यों में हल्की बारिश हो रही है, लेकिन लोगों को उमस से राहत नहीं मिल रही है. उधर, गुजरात और मध्यप्रदेश में भी मॉनसून मेहरबान है. गुजरात के वलसाड़-वापी में नौ-नौ इंच बारिश दर्ज की गयी है.
उत्तर भारत में अभी बारिश की संभावना नहीं
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिससे मध्य भारत सहित ओड़िशा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है. उत्तर भारत के बिहार, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा को इस कम दबाव के क्षेत्र से कोई फायदा नहीं मिलेगा. इस बात की संभावना क्षीण है कि इन राज्यों में इस वजह से बारिश होगी.
पांच उपमंडलों में सामान्य बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, केवल पांच उपमंडलों- कोंकण एवं गोवा, जम्मू और कश्मीर, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, पूर्वी राजस्थान और गुजरात में सामान्य वर्षा दर्ज की गयी है. मौसम विभाग के 36 में से 28 उपमंडलों में बारिश में कमी दर्ज की गयी है. हालांकि, मॉनसून के इस सप्ताह और अधिक सक्रिय होने की संभावना है.
अगले चार दिन दक्षिण-पश्चिम बिहार में बारिश
पटना : बिहार के साउथ वेस्ट क्षेत्र में अच्छी बारिश का पूर्वानुमान है. यहां हल्की से मध्यम बारिश होगी. इसके प्रभाव से मध्य बिहार में भी बारिश होने की संभावना है. आइएमडी पटना के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में माॅनसून का सिस्टम अगले 24 घंटे में पूर्वी भारत में प्रवेश कर सकता है. नार्थ बिहार में बारिश होगी.
मुंबई : निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात, ट्रैफिक जाम
हाई टाइड का अलर्ट जारी, समुद्र किनारे जाने की मनाही
तीन से पांच जुलाई के बीच भारी बारिश की आशंका, 200 मिमी तक होगी वर्षा
हिंदमाता, सायन, अंधेरी, कुर्ला, बांद्रा, दादर समेत कई इलाकों में जलभराव
मुंबई में 550, ठाणे में 148 और पनवेल में 166 मिमी बारिश दर्ज की गयी
गुजरात और मध्यप्रदेश में मॉनसून ज्यादा मेहरबान
गुजरात के वलसाड़ में 10 घंटे में 9 इंच हुई बारिश, कई इलाकों में पानी भरा
अगले 24 घंटे में नवसारी, नर्मदा, तापी सूरत जिलों में भारी बारिश की आशंका
मध्यप्रदेश में अब तक 7.03 सेमी बारिश दर्ज की गयी है. प्रदेश के 15 शहरों में झमाझम
