रांची : सांसद संजय सेठ ने बुधवार को लोकसभा में शून्यकाल के दौरान रांची विश्वविद्यालय को सेंट्रल यूनिवर्सिटी का दर्जा देने की मांग उठायी. उन्होंने कहा कि रांची विश्वविद्यालय 1960 में स्थापित हुआ. यह विश्वविद्यालय झारखंड राज्य की बड़ी जनसंख्या की आवश्यकताओं की पूर्ति करता है.
वर्ष 2018-19 में इस विवि में प्रवेश पाने वाले 148296 विद्यार्थियों में से 49993 विद्यार्थी जनजातीय हैं. यह कुल संख्या का लगभग 30 प्रतिशत है. जनजातीय विद्यार्थियों की संख्या में बालिकाओं की संख्या 28993 है, जो कि लगभग 60 प्रतिशत होता है. इस विश्वविद्यालय को उल्लेखनीय कार्य के लिए कई पुरस्कारों से नवाजा गया है.
