मुरी : हिंडाल्को में रेड मड हादसे के बाद रविवार को रेड मड के पश्चिमी भाग में रेल लाइन के समीप से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया. इस जगह से मलबा हटाने के साथ-साथ गाड़ियों के आने-जाने के लिए रास्ता बनाने के हेतु कई मशीनें लगायी गयी है.
बताया जा रहा है कि रास्ता बनाकर इस साइड से भी मलबे की ढुलाई की जायेगी. इसके अलावे रेल लाइन को भी दुरुस्त कर मालगाड़ी पर इसी जगह से मलबे की लोडिंग की जायेगी. कंपनी के सूत्रों ने बताया है कि मालगाड़ी पर सीधे लोडिंग की व्यवस्था अगले कुछ दिनों में शुरू की जा सकती है.
इधर, रविवार को भी कुछ स्थानीय लोगों ने काम में बाधा पहुंचाने की कोशिश की बावजूद मलबे की ढुलाई सामान्य रही. एक रैक मलबा बाहर भेजा गया. अधिकारियों के अनुसार मलबा इतना ज्यादा है कि सिर्फ एक साइड से उठाने से बरसात से पहले इसे समाप्त नहीं किया जा सकता. इसलिए दो-तीन साइड से एक साथ मलबा हटाने की योजना पर काम चल रहा है. इसके लिए और मशीनें लगायी जायेगी.
राहत कार्यों की समीक्षा आज : रेड मड हादसे के बाद प्रभावित गांवों में कंपनी की ओर से चलाये जा रहे राहत कार्यों की सोमवार को समीक्षा होगी. सूत्रों के अनुसार कंपनी के अधिकारी लगाम गांव में प्रभावित गांवों के लोगों के साथ बैठक कर राहत कार्यों की समीक्षा करेंगे.
